17 August 2026
स्वीपर के भरोसे स्कूल, शिक्षक नदारद! आखिर बच्चों के भविष्य की जिम्मेदारी किसकी?….लखनपुर के सेलरा प्राथमिक विद्यालय का मामला, दो शिक्षक पदस्थ होने के बावजूद अनुपस्थिति के आरोप; ग्रामीणों में नाराजगी, शिक्षा विभाग की निगरानी पर उठे सवाल
अनियमितता आरोप देश प्रशासन बड़ी खबर राज्य विडम्बना शिक्षा समस्या

स्वीपर के भरोसे स्कूल, शिक्षक नदारद! आखिर बच्चों के भविष्य की जिम्मेदारी किसकी?….लखनपुर के सेलरा प्राथमिक विद्यालय का मामला, दो शिक्षक पदस्थ होने के बावजूद अनुपस्थिति के आरोप; ग्रामीणों में नाराजगी, शिक्षा विभाग की निगरानी पर उठे सवाल

Sarguja express…..
अंबिकापुर । विकासखंड लखनपुर के वनांचल क्षेत्रों में संचालित प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षकों की कथित मनमानी को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। ताजा मामला ग्राम पंचायत सकरिया के आश्रित ग्राम सेलरा स्थित प्राथमिक विद्यालय का सामने आया है, जहां दो शिक्षक पदस्थ होने के बावजूद स्कूल के स्वीपर के भरोसे संचालित होने का आरोप ग्रामीणों ने लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षकों की अनियमित उपस्थिति के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
जानकारी के अनुसार सेलरा प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक दिलीप पैकरा और शिक्षिका धर्मा चौहान पदस्थ हैं। आरोप है कि दोनों शिक्षक नियमित रूप से निर्धारित समय पर विद्यालय नहीं पहुंचते और कई बार विद्यालय में शिक्षक मौजूद ही नहीं रहते। ऐसी स्थिति में स्कूल में कार्यरत स्वीपर को बच्चों की देखरेख करनी पड़ती है।
बताया गया कि 17 अगस्त को बारिश के बीच पहली से पांचवीं कक्षा तक के बच्चे विद्यालय पहुंचे, लेकिन वहां शिक्षक मौजूद नहीं थे और स्कूल स्वीपर के भरोसे था। इस स्थिति ने अभिभावकों और ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। उनका सवाल है कि जब विद्यालय में शिक्षक ही नियमित रूप से उपलब्ध नहीं होंगे तो बच्चों को गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा कैसे मिलेगी?
ग्रामीणों का आरोप है कि यह स्थिति नई नहीं है। लंबे समय से शिक्षकों की मनमानी की शिकायत सामने आती रही है। दूरस्थ वनांचल क्षेत्र होने के कारण विद्यालयों की नियमित निगरानी नहीं होने से व्यवस्था प्रभावित हो रही है। अभिभावकों का कहना है कि प्राथमिक स्तर पर ही बच्चों की पढ़ाई कमजोर हुई तो आगे की कक्षाओं में उन्हें गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
मामला सामने आने के बाद अब शिक्षा विभाग की निगरानी व्यवस्था भी सवालों के घेरे में है। ग्रामीणों ने संबंधित शिक्षकों के विद्यालय आने-जाने और उपस्थिति की जांच कर ठोस कार्रवाई की मांग की है।

मामला संज्ञान में आया है, नोटिस जारी कर अवैतनिक कार्रवाई की जा रही है। वनांचल क्षेत्र में इस तरह की मनमानी नहीं चलेगी।”
देव कुमार गुप्ता, खंड शिक्षा अधिकारी, लखनपुर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *