17 August 2026
एक करोड़ की जेवर उठाईगिरी का खुलासा, ओडिशा में आरोपी के घर से 46 लाख के आभूषण बरामद….500 सीसीटीवी फुटेज खंगालकर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की, छत्तीसगढ़-झारखंड-ओडिशा तक जोड़ी कड़ियां
कार्रवाई क्राइम देश बड़ी खबर राज्य

एक करोड़ की जेवर उठाईगिरी का खुलासा, ओडिशा में आरोपी के घर से 46 लाख के आभूषण बरामद….500 सीसीटीवी फुटेज खंगालकर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की, छत्तीसगढ़-झारखंड-ओडिशा तक जोड़ी कड़ियां

Sarguja express…..

दो बाइक पर सवार चार संदिग्ध कैमरे में हुए थे कैद, ओडिशा में 10 दिन चला सर्च ऑपरेशन; मुख्य आरोपी समेत अन्य की तलाश जारी

अंबिकापुर/सीतापुर। सीतापुर में सराफा व्यवसायी के करीब एक करोड़ रुपये के सोने-चांदी के जेवरात से भरे बैग की उठाईगिरी के बहुचर्चित मामले का सरगुजा पुलिस ने खुलासा किया है। साइबर सेल अंबिकापुर और थाना सीतापुर की संयुक्त पुलिस टीम ने छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा के अलग-अलग इलाकों में करीब 500 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ तकनीकी विश्लेषण और संबंधित राज्यों की पुलिस से समन्वय कर संदिग्धों की पहचान की। पुलिस ने ओडिशा के गंजाम जिले में एक आरोपी के घर की तलाशी लेकर करीब 46 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। हालांकि आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं और उनकी तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार सीतापुर निवासी अरुणदेव सोनी की हाईस्कूल के पास काशी विश्वनाथ ज्वेलर्स नाम से दुकान है। 26 जुलाई की सुबह करीब 11.30 बजे वे स्कूटी से जेवरात का बैग लेकर दुकान पहुंचे थे। बैग स्कूटी में रखकर वे दुकान का शटर खोल रहे थे, तभी अज्ञात बदमाश बैग लेकर फरार हो गए। बैग में करीब एक करोड़ रुपये के सोने-चांदी के आभूषण होने की जानकारी पुलिस को दी गई थी। शिकायत पर थाना सीतापुर में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

दो मोटरसाइकिल पर दिखे चार संदिग्ध

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार अग्रवाल ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी के नेतृत्व में साइबर सेल और सीतापुर पुलिस की संयुक्त टीम गठित की। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में दो मोटरसाइकिलों पर चार संदिग्ध वारदात के बाद भागते दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस ने कैमरों के जरिए उनके भागने के रास्ते को तलाशना शुरू किया।

पुलिस टीम ने सरगुजा के ग्राम गेरसा से लेकर जशपुर जिले के कांसाबेल, कुनकुरी और सिंगीबहार सहित झारखंड के कुरडेग, खैरनटोली व सिमडेगा तथा ओडिशा के सुंदरगढ़ और अन्य संभावित क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। करीब 500 कैमरों के फुटेज, संदिग्धों के हुलिए और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर अन्य राज्यों की पुलिस की मदद से दो संदिग्धों की पहचान चांटी दास निवासी ग्राम सोर्डा, जिला गंजाम, ओडिशा और नागेश्वर राव निवासी नारायणपुर, थाना कोटिनाडा, जिला गंजाम, ओडिशा के रूप में की गई।

ओडिशा में 10 दिन तक चला सर्च ऑपरेशन

आरोपियों की पहचान होने के बाद पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा, डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी और नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल के मार्गदर्शन में संयुक्त टीम को गंजाम भेजा गया। स्थानीय पुलिस के सहयोग से करीब 10 दिनों तक आरोपियों के संभावित ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया।

इसी दौरान सूचना मिली कि संदिग्ध चांटी दास 16 अगस्त की रात अपने घर आया था। संयुक्त टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ उसके घर की विधिवत तलाशी ली। आरोपी घर पर नहीं मिला, लेकिन तलाशी के दौरान सीतापुर से उठाईगिरी किए गए जेवरात में से बड़ी मात्रा में आभूषण बरामद हुए।

300.92 ग्राम सोना और 1.168 किलो चांदी बरामद

पुलिस के मुताबिक घर से 300.92 ग्राम सोने के आभूषण, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 43 लाख रुपये है, तथा 1 किलो 168 ग्राम चांदी के आभूषण, कीमत करीब तीन लाख रुपये, बरामद किए गए। इस तरह कुल करीब 46 लाख रुपये के आभूषण पुलिस के हाथ लगे हैं। आरोपी चांटी दास, नागेश्वर राव एवं वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

मामले के खुलासे में साइबर सेल प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक अजीत मिश्रा, प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, विकास सिन्हा, आरक्षक अनुज जायसवाल, मनीष सिंह, अमन पुरी, राहुल केरकेट्टा, अशोक यादव तथा थाना सीतापुर प्रभारी उपनिरीक्षक अखिलेश सिंह, उपनिरीक्षक रघुनाथ भगत, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक अनिल कुमार, प्रधान आरक्षक तीजराम पैंकरा, आरक्षक राकेश यादव और महेंद्र नाग की महत्वपूर्ण भूमिका रही। थाना मणिपुर के आरक्षक उमाशंकर साहू और कुशकुमार सोनी भी टीम में शामिल रहे।

ओडिशा पुलिस के एसडीओपी आश्का सौरव रंजन प्रधान, थाना प्रभारी निरीक्षक आश्का सुधीर कुमार, निरीक्षक दीप्ति रंजन बेहरा सहित स्थानीय पुलिस टीम ने भी कार्रवाई में सहयोग किया। पुलिस अब फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और शेष आभूषणों की बरामदगी के प्रयास में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *