13 August 2026
62वीं बटालियन सीआरपीएफ  ने मनाया 48वां स्थापना दिवस, 84 शहीद जवानों को दी श्रद्धांजलि
आयोजन ख़बर जरा हटके देश नियम पहल बड़ी खबर राज्य श्रद्धांजलि

62वीं बटालियन सीआरपीएफ  ने मनाया 48वां स्थापना दिवस, 84 शहीद जवानों को दी श्रद्धांजलि

Sarguja express……

अंबिकापुर। अंबिकापुर स्थित 62वीं बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल ने गुरुवार को अपना 48वां स्थापना दिवस गरिमापूर्ण एवं भावपूर्ण वातावरण में मनाया। कार्यक्रम का आयोजन बटालियन के कमांडेन्ट श्री दीपक मेहरा के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर देश की सेवा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले 62वीं बटालियन के 84 शहीद कार्मिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

कार्यक्रम की शुरुआत कमांडेन्ट श्री दीपक मेहरा द्वारा शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद उन्होंने यूनिट के क्वार्टर गार्ड पर सलामी ली। उन्होंने बटालियन के जवानों को संबोधित करते हुए बताया कि 13 अगस्त 1979 को भुवनेश्वर ग्रुप सेंटर में 62वीं वाहिनी की स्थापना तत्कालीन आंतरिक सुरक्षा संबंधी चुनौतियों से निपटने के उद्देश्य से की गई थी। बटालियन ने मातृभूमि की सेवा और सुरक्षा में 48 वर्ष पूरे कर लिए हैं।

कमांडेन्ट ने बताया कि वर्ष 2009 में नक्सल प्रभावित छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग के सुकमा जिले में 62वीं बटालियन की तैनाती की गई थी। कर्तव्य निर्वहन के दौरान 6 अप्रैल 2010 को ताड़मेटला-चिंतलनार क्षेत्र में नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में बटालियन के जवानों ने अदम्य साहस और वीरता का परिचय देते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया।

स्थापना दिवस के अवसर पर कमांडेन्ट ने वीर नारियों एवं शहीद जवानों के परिवारजनों को उपहार भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के अंत में जवानों एवं उपस्थित लोगों के बीच मिठाइयों का वितरण किया गया। पूरे आयोजन में देशभक्ति, शौर्य और शहीदों के प्रति सम्मान का भाव दिखाई दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *