Sarguja express…..

अभिनेत्री पद्मिनी कोल्हापुरी ने किया सम्मानित, जनहित और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में योगदान को मिली राष्ट्रीय पहचान
अंबिकापुर। सामाजिक कार्यकर्ता, अधिवक्ता एवं आरटीआई एक्टिविस्ट डॉ. डी.के. सोनी को जनहित, सामाजिक न्याय, पारदर्शिता और भ्रष्टाचार के खिलाफ उल्लेखनीय कार्यों के लिए ‘प्राइड ऑफ भारत अवार्ड 2026’ से सम्मानित किया गया। 8 अगस्त 2026 को मुंबई स्थित होटल हॉलिडे इन में आयोजित भव्य समारोह में प्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री पद्मिनी कोल्हापुरी के करकमलों से उन्हें सम्मान पत्र एवं अवार्ड प्रदान किया गया। यह डॉ. सोनी का 52वां सम्मान बताया गया है।
कार्यक्रम का आयोजन मनीष बंसल, फाउंडर इनसाइटसक्सेस एंड ट्रेड मीडिया द्वारा किया गया था। समारोह में देश के विभिन्न राज्यों से आए चिकित्सकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षाविदों और अन्य विशिष्ट लोगों की मौजूदगी रही।
डॉ. सोनी को यह सम्मान आरटीआई, जनहित याचिकाओं, सुशासन और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में उनके कार्यों के लिए प्रदान किया गया। वे लंबे समय से आम नागरिकों के अधिकारों, पारदर्शिता और भ्रष्टाचार के खिलाफ सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। अपनी संस्था ‘सरगुजा सोसाइटी फॉर फास्ट जस्टिस’ के माध्यम से वे जरूरतमंद लोगों को न्याय दिलाने के लिए प्रयासरत हैं।
आरटीआई और जनहित याचिकाओं के माध्यम से उन्होंने विभिन्न मामलों को न्यायालयों तक पहुंचाया है। साथ ही दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर सरकारी विभागों में कथित अनियमितताओं एवं भ्रष्टाचार के मामलों को सामने लाकर जांच और कानूनी कार्रवाई की दिशा में भी प्रयास किए हैं।
सम्मान मिलने पर डॉ. सोनी ने कहा कि यह पुरस्कार उन्हें जनहित, सामाजिक न्याय और नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने भविष्य में भी वंचित एवं जरूरतमंद लोगों के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया। डॉ. सोनी को मिले इस सम्मान पर अंबिकापुर सहित सरगुजा क्षेत्र के अधिवक्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त किया है।

