11 August 2026
कल छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक अवकाश, सरकारी दफ्तरों से स्कूल-कॉलेज तक रहेंगे बंद
आदेश आयोजन आस्था कृषि पहल प्रशासन फैसला बड़ी खबर राज्य

कल छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक अवकाश, सरकारी दफ्तरों से स्कूल-कॉलेज तक रहेंगे बंद

Sarguja express

हरेली पर्व पर साय सरकार का बड़ा ऐलान, बैंक और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में भी छुट्टी

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने हरेली पर्व के अवसर पर 12 अगस्त को प्रदेशभर में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। सरकार के आदेश के बाद बुधवार को प्रदेश के सरकारी कार्यालयों के साथ-साथ स्कूल-कॉलेज और कई संस्थान बंद रहेंगे। छुट्टी को लेकर लोगों में उत्साह है, वहीं स्कूल-कॉलेजों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को भी एक दिन का अवकाश मिलेगा।

हरेली पर मुख्यमंत्री निवास में होगा विशेष आयोजन

छत्तीसगढ़ का पारंपरिक हरेली तिहार इस बार 12 अगस्त को मनाया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री निवास में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाने की तैयारी है। हरेली पर्व को प्रदेश की कृषि और ग्रामीण संस्कृति से जुड़ा प्रमुख त्योहार माना जाता है।

किसानों के लिए खास है हरेली पर्व

हरेली सावन माह की अमावस्या को मनाया जाता है। यह पर्व हरियाली, खेती-किसानी और पशुधन की समृद्धि का प्रतीक है। इस दिन किसान अपने हल, नांगर, कुदाली, फावड़ा और अन्य कृषि उपकरणों की साफ-सफाई कर उनकी पूजा करते हैं। कृषि औजारों पर धूप-दीप करने के बाद नारियल और गुड़ से बने चीले का भोग लगाया जाता है।

ग्रामीण क्षेत्रों में पशुधन के स्वास्थ्य की कामना के लिए परंपरागत रूप से औषधीय सामग्री खिलाने की भी परंपरा है। वहीं गांवों में गेड़ी चढ़ने की परंपरा हरेली पर्व का प्रमुख आकर्षण रहती है।

पारंपरिक रंग में रंगेंगे गांव

हरेली के साथ ही ग्रामीण अंचलों में पारंपरिक खेलों और सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन होता है। महिलाएं घरों में गुड़ के चीले सहित पारंपरिक पकवान बनाती हैं। किसान अपने कृषि औजारों और पशुधन की पूजा कर अच्छी फसल और समृद्धि की कामना करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *