Sarguja express……
अंबिकापुर। शहर में फिटनेस फेल ई-रिक्शा के बेखौफ संचालन को लेकर सवाल उठने लगे हैं। भाजपा NGO प्रकोष्ठ के पूर्व जिला संयोजक कैलाश मिश्रा ने कलेक्टर को पत्र सौंपकर फिटनेस फेल ई-रिक्शा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

कैलाश मिश्रा ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि अंबिकापुर RTO कार्यालय में 18 जून 2026 तक कुल 1251 ई-रिक्शा पंजीकृत हैं। इनमें 538 ई-रिक्शा की फिटनेस उपलब्ध है, जबकि 713 ई-रिक्शा फिटनेस फेल बताए गए हैं। इसके बावजूद फिटनेस फेल ई-रिक्शा के सड़कों पर लगातार दौड़ने का आरोप लगाया गया है।
पत्र में कहा गया है कि ई-रिक्शा के संबंध में पुलिस यातायात विभाग में दिशा-निर्देश, लाइसेंस और फिटनेस से संबंधित व्यवस्था उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में यातायात विभाग, पुलिस एवं परिवहन विभाग की संयुक्त टीम बनाकर सघन जांच अभियान चलाया जाना चाहिए। साथ ही फिटनेस फेल ई-रिक्शा के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की गई है।
मिश्रा का कहना है कि ऐसे ई-रिक्शा पर कार्रवाई होने से बिना फिटनेस वाहनों के संचालन पर रोक लग सकेगी और सड़क पर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सकेगी। उन्होंने कलेक्टर से मामले में आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित करने का आग्रह किया है।

