Sarguja express
उदयपुर।
विकासखंड उदयपुर अंतर्गत शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला साल्ही के प्रधानपाठक ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी को पत्र भेजकर विद्यालय में पदस्थ सहायक शिक्षक गणेश कुमार गोयल के लंबे समय से लगातार चिकित्सकीय अवकाश एवं अन्य विद्यालयों में संलग्नीकरण के कारण विद्यालय की शिक्षण व्यवस्था प्रभावित होने की शिकायत की है।
पत्र में बताया गया है कि संबंधित शिक्षक लंबे समय से विद्यालय से अनुपस्थित हैं तथा उनके द्वारा लिए जाने वाले अवकाश ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से स्वीकृत किए जाते रहे हैं। इससे उनके विषयों की नियमित कक्षाएं संचालित नहीं हो पा रही हैं, जिसका सीधा असर विद्यार्थियों की पढ़ाई, पाठ्यक्रम पूर्ण कराने और परीक्षा की तैयारी पर पड़ रहा है।
प्रधानपाठक ने यह भी उल्लेख किया है कि विद्यालय के अन्य शिक्षक अतिरिक्त दायित्व निभाकर शिक्षण कार्य संचालित कर रहे हैं, फिर भी विद्यार्थियों को अपेक्षित शैक्षणिक लाभ नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है।
पत्र के साथ संलग्न विवरण में संबंधित शिक्षक के वर्ष 2023 से 2026 तक विभिन्न अवधियों में चिकित्सकीय अवकाश तथा अन्य संस्थानों में संलग्नीकरण का उल्लेख भी किया गया है।

