Sarguja express…..
अंबिकापुर। मणिपुर थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने और उससे 6.50 लाख रुपये लेने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार पीड़िता ने थाना पुरानी बस्ती, रायपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि 24 अप्रैल से 3 जुलाई 2026 के बीच बलौदाबाजार जिले के कसडोल थाना क्षेत्र के ग्राम छाछी निवासी परमेश्वर साहू ने शादी का झांसा देकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया और इस दौरान उससे 6.50 लाख रुपये भी ले लिए।
मामले में रायपुर के पुरानी बस्ती थाना में शून्य पर अपराध दर्ज किए जाने के बाद विवेचना के लिए प्रकरण मणिपुर थाना, अंबिकापुर भेजा गया। यहां अपराध क्रमांक 137/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69 एवं 351(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज किए और आरोपी की तलाश शुरू की। सतत प्रयास के बाद पुलिस ने आरोपी परमेश्वर साहू (29 वर्ष), निवासी ग्राम छाछी, थाना कसडोल, जिला बलौदाबाजार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने घटना स्वीकार कर ली। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी मणिपुर उप निरीक्षक सी.पी. तिवारी, महिला प्रधान आरक्षक मालती तिवारी सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

