Sarguja express…..
अंबिकापुर/लखनपुर। लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जमगला निवासी एक व्यक्ति की कीटनाशक सेवन करने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मृतक हिम्मत रवतीया (48 वर्ष) पिता रमेशर रवतीया, निवासी ग्राम जमगला, थाना लखनपुर, लंबे समय से अत्यधिक शराब का सेवन करता था। परिजनों के मुताबिक वह 26 जुलाई से लगातार शराब पी रहा था। परिवार के लोगों ने उसे शराब पीने से मना भी किया, लेकिन उसने उनकी बात नहीं मानी।
बताया जा रहा है कि गत बुधवार को हिम्मत रवतीया ने घर में रखा कीटनाशक पदार्थ पी लिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लखनपुर लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार चल रहा था।
उपचार के दौरान सोमवार तड़के करीब एक बजे उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस की जांच के बाद ही घटना के सभी तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।

