2 August 2026
कांग्रेस ने स्मार्ट मीटर के खिलाफ शुरू किया जनसंपर्क अभियान, मीटरों पर लगाए ‘महतारी वंदन वसूली मीटर’ के स्टिकर
विरोध आरोप देश राजनीति राज्य

कांग्रेस ने स्मार्ट मीटर के खिलाफ शुरू किया जनसंपर्क अभियान, मीटरों पर लगाए ‘महतारी वंदन वसूली मीटर’ के स्टिकर

Sarguja express….

अंबिकापुर। स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस के प्रदेशव्यापी आंदोलन के तहत रविवार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य आदित्येश्वर शरण सिंहदेव के नेतृत्व में अंबिकापुर शहर के गोधनपुर मोहल्ले तथा ग्राम मेन्द्रा कला में सघन जनसंपर्क अभियान चलाया गया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने लोगों से स्मार्ट मीटर के विरोध में मांग-पत्र पर हस्ताक्षर कराए और जिन घरों में स्मार्ट मीटर लगे हैं, वहां मीटरों पर “महतारी वंदन वसूली मीटर” का स्टिकर लगाया।
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने स्मार्ट मीटर एवं बिजली दरों में वृद्धि के विरोध में दो माह तक प्रदेशव्यापी आंदोलन चलाने की घोषणा की है। इसके तहत 1 अगस्त को सभी जिला मुख्यालयों में प्रेसवार्ता कर आंदोलन की रूपरेखा जारी की गई थी। इसी क्रम में सरगुजा जिला कांग्रेस ने जनसंपर्क अभियान शुरू करते हुए प्रभावित बिजली उपभोक्ताओं से मांग-पत्र भरवाना प्रारंभ किया है। मांग-पत्र के माध्यम से सरकार से स्मार्ट मीटर व्यवस्था वापस लेने, बढ़ी हुई बिजली दरों को निरस्त करने तथा पूर्व की बिजली बिल हाफ योजना को पुनः लागू करने की मांग की जा रही है।
जनसंपर्क अभियान के दौरान आदित्येश्वर शरण सिंहदेव ने कहा कि भाजपा सरकार महतारी वंदन योजना के नाम पर एक हाथ से राशि दे रही है, जबकि स्मार्ट मीटर और बिजली दरों में भारी वृद्धि के माध्यम से दूसरे हाथ से उससे कई गुना अधिक राशि जनता से वसूल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान लोगों से मिल रहे उत्साहपूर्ण समर्थन से स्पष्ट है कि जनता स्मार्ट मीटर और बढ़े हुए बिजली बिलों को लेकर असंतोष व्यक्त कर रही है।
अभियान में कांग्रेस प्रदेश महामंत्री द्वितेंद्र मिश्रा, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश गुप्ता, अंबिकापुर ग्रामीण ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विनय शर्मा, मंडल अध्यक्ष अमित सिन्हा, मिथुन सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *