Sarguja express…..
अंबिकापुर। नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी के खिलाफ सरगुजा पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने आरोपी के नाम से जारी लाइसेंसी 12 बोर डीबीबीएल बंदूक और उसका लाइसेंस जब्त कर लिया है। साथ ही आरोपी की चल-अचल संपत्ति की जानकारी जुटाकर कुर्की की वैधानिक प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस के अनुसार थाना कोतवाली अंबिकापुर में बीएनएस की धारा 65(1) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 एवं 6 के अंतर्गत मामला दर्ज है। प्रकरण का आरोपी ग्राम भफौली निवासी तरुण जायसवाल घटना के बाद से फरार है। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देशन में विशेष पुलिस टीम गठित की गई है, जो आरोपी की तलाश में लगातार कार्रवाई कर रही है।
आरोपी की गिरफ्तारी में सहयोग या उसकी सटीक सूचना देने वाले व्यक्ति के लिए डीआईजी एवं एसएसपी द्वारा 5 हजार रुपये के इनाम की भी घोषणा की गई है। पुलिस का मानना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए जनसहयोग भी महत्वपूर्ण होगा।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी के नाम पर 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक जारी थी। मामले की विवेचना को देखते हुए शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने की अनुशंसा की गई थी। इसके बाद थाना कोतवाली पुलिस ने आरोपी के घर पहुंचकर उसके परिजनों द्वारा प्रस्तुत की गई लाइसेंसी बंदूक एवं लाइसेंस को विधिवत जब्त कर लिया।
इसके अलावा पुलिस ने राजस्व विभाग से आरोपी की चल एवं अचल संपत्तियों का विवरण मांगा है। ग्राम भफौली में कथित अतिक्रमित भूमि का मौका सत्यापन कराकर संपत्ति कुर्की की कार्रवाई की तैयारी भी की जा रही है।
सरगुजा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फरार आरोपी को शरण देने या गिरफ्तारी से बचाने में किसी भी प्रकार की मदद करने वालों के विरुद्ध भी सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और दावा किया है कि आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

