27 July 2026
नेहरू पार्क में युवती की चाकू मारकर हत्या…..प्रेम संबंध में शक बना वारदात की वजह, दम तोड़ने से पहले लिखकर बताया आरोपी का नाम; CCTV से गिरफ्तार हुआ युवक
कार्रवाई क्राइम देश बड़ी खबर राज्य

नेहरू पार्क में युवती की चाकू मारकर हत्या…..प्रेम संबंध में शक बना वारदात की वजह, दम तोड़ने से पहले लिखकर बताया आरोपी का नाम; CCTV से गिरफ्तार हुआ युवक

Sarguja express

सूरजपुर। जिले के नेहरू पार्क में रविवार रात प्रेम संबंध के विवाद में 19 वर्षीय युवती की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। हमले के बाद गंभीर रूप से घायल युवती ने अस्पताल में दम तोड़ने से पहले कागज पर आरोपी का नाम लिखकर पुलिस को अहम सुराग दिया। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी युवक को देर रात गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, लटोरी निवासी राधिका राजवाड़े (19) सूरजपुर शहर में एक अधिवक्ता के घर घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थी और वहीं रहती थी। रविवार शाम करीब 8 बजे वह घर से निकली और नेहरू पार्क पहुंची। इसी दौरान बाइक से पहुंचे युवक ने उसके गले पर चाकू से हमला कर दिया। वार इतना गंभीर था कि चाकू गले के आर-पार हो गया। हमला करने के बाद आरोपी चाकू निकालकर बाइक से फरार हो गया।

गंभीर रूप से घायल राधिका ने जान बचाने के लिए पार्क में कुछ दूर तक दौड़ने की कोशिश की, लेकिन खून से लथपथ हालत में गिर पड़ी। पार्क में मौजूद लोगों ने तत्काल उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर

जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद राधिका की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। गले पर गंभीर चोट होने के कारण वह बोल नहीं पा रही थी। पूछताछ के दौरान उसने इशारे से कागज और पेन मंगाया तथा मरने से पहले आरोपी का नाम रितेश राजवाड़े लिखकर पुलिस को बताया। इलाज के दौरान रात करीब 10:30 बजे उसकी मौत हो गई।

सीसीटीवी फुटेज से मिली आरोपी की पहचान

घटना के बाद पुलिस ने नेहरू पार्क और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ के बावजूद हमलावर की स्पष्ट पहचान नहीं हो सकी। बाद में सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की गई और देर रात उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

दूसरे अफेयर के शक में रची हत्या की साजिश

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी रितेश राजवाड़े और राधिका के बीच प्रेम संबंध था। पुलिस के अनुसार, आरोपी को युवती के किसी अन्य युवक से संबंध होने का शक था। उसने फोन कर राधिका को नेहरू पार्क बुलाया और वहीं चाकू से हमला कर फरार हो गया। गिरफ्तारी के समय आरोपी नशे की हालत में था। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *