Sarguja express…..
घर बनाने की बात को लेकर हुआ था विवाद, इलाज के दौरान हुई थी मौत; लखनपुर पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल
अंबिकापुर। सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने गुस्से में आकर अपने रिश्तेदार के साथ लात-घूंसों से मारपीट की थी, जिससे गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम तिरकेला (दोगाडांडपारा) निवासी धुंधुराम मझवार ने चौकी कुन्नी में मर्ग सूचना दर्ज कराई थी। उसने बताया था कि उसके चचेरे बड़े भाई कामेश्वर मझवार, निवासी तिरकेला (ठेपापारा), को 26 जून को तबीयत खराब होने पर लखनपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर किया गया, जहां 27 जून को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
प्रारंभिक सूचना में मृतक के परिजनों ने संदेह व्यक्त किया था कि किसी व्यक्ति द्वारा मारपीट किए जाने के कारण आई चोटों से उसकी मौत हुई है। इसके बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान मृतक का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चिकित्सकों ने मृत्यु को हत्यात्मक प्रकृति का बताया। इसके बाद पुलिस ने परिजनों और गवाहों के बयान दर्ज किए। पूरक बयान में सूचक धुंधुराम मझवार ने बताया कि घटना के दिन कामेश्वर मझवार का फुटकू मझवार के साथ जमीन और मकान निर्माण को लेकर विवाद हुआ था।
विवाद के दौरान आरोपी फुटकू मझवार ने कामेश्वर के साथ लात-घूंसों से मारपीट की थी, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। बताया गया कि मारपीट के बाद आरोपी स्वयं घायल कामेश्वर को एंबुलेंस से अस्पताल लेकर गया था और इलाज कराने की बात कहकर वहां से फरार हो गया था।
गवाहों के बयान एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर लखनपुर पुलिस ने अपराध क्रमांक 186/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 (1) के अंतर्गत हत्या का मामला दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी फुटकू मझवार (40 वर्ष), निवासी तिरकेला ठेपापारा, को गिरफ्तार कर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि जमीन विवाद और घर बनाने को लेकर हुए झगड़े के दौरान उसने गुस्से में आकर कामेश्वर मझवार की पिटाई की थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी लखनपुर उप निरीक्षक सम्पत पोटाई, प्रधान आरक्षक सतीश कुमार, बलभद्र ठाकुर तथा आरक्षक राजेंद्र तिर्की, जगेश्वर बघेल एवं चंचलेश सोनवानी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। गंभीर अपराधों के मामलों में सरगुजा पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है।

