Sarguja express….
अंबिकापुर/बतौली। बतौली थाना क्षेत्र के ग्राम बिलासपुर निवासी 51 वर्षीय शिव केरकेट्टा, पिता स्वर्गीय सुखना की सर्पदंश से मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, बीती रात शिव केरकेट्टा अपने पुराने घर में जमीन पर सो रहे थे। इसी दौरान उन्होंने अपने पैर के पास एक करैत सांप देखा। घबराकर उन्होंने तत्काल अपने पुत्र राजकुमार को इसकी जानकारी दी। पुत्र जब कमरे में पहुंचा तो वहां सांप दिखाई दिया। इसके बाद पिता-पुत्र ने मिलकर सांप को मारकर रात में ही दफना दिया।
तड़के सुबह शिव केरकेट्टा को शरीर में जलन महसूस होने लगी। इस पर उन्होंने आशंका जताई कि रात में सांप ने उन्हें काट लिया था। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें तत्काल शांतिपारा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर किया गया।
मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं ग्रामीणों से बारिश के मौसम में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है।

