Sarguja express…..
अंबिकापुर। गांधीनगर थाना क्षेत्र के सुभाष नगर वार्ड क्रमांक 2 में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में महिला की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतिका की पहचान श्यामले घोष (44 वर्ष), पति कार्तिक घोष, निवासी सुभाष नगर वार्ड क्रमांक 2, थाना गांधीनगर क्षेत्र के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह वह अपने नए मकान में टुल्लू पंप के माध्यम से तराई का काम कर रही थीं। इसी दौरान अचानक करंट की चपेट में आ गईं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
हादसे के बाद परिजनों ने तत्काल उन्हें गांधीनगर क्षेत्र के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही गांधीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में विद्युत करंट लगने से मौत की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि घरेलू विद्युत उपकरणों का उपयोग करते समय सावधानी बरतना बेहद जरूरी है, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही बड़े हादसे का कारण बन सकती है। पुलिस ने भी लोगों से बिजली संबंधी कार्यों में सतर्कता बरतने की अपील की है।

