1 August 2026
जमीन विवाद में खूनी संघर्ष: धान बुआई के दौरान ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या, 8 आरोपी गिरफ्तार……
कार्रवाई क्राइम राज्य

जमीन विवाद में खूनी संघर्ष: धान बुआई के दौरान ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या, 8 आरोपी गिरफ्तार……

Sarguja express…

बतौली पुलिस की त्वरित कार्रवाई, सभी आरोपियों को भेजा गया न्यायिक हिरासत में

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिलमा चिटकाही में जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। विवादित भूमि पर धान बुआई को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात में पुलिस ने आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, यह घटना 14 जून 2026 की है। थाना बतौली को सूचना मिली थी कि ग्राम सिलमा चिटकाही में विवादित जमीन पर धान बुआई के दौरान मारपीट हुई और एक व्यक्ति को ट्रैक्टर से कुचल दिया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

मृतक की पत्नी धनेश्वरी पैंकरा ने पुलिस को बताया कि विवादित जमीन को लेकर उनका परिवार और भुवनेश्वर पैंकरा के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। एक दिन पहले उनके पति होंश राम ने उस भूमि में ट्रैक्टर से जुताई कर धान बोया था। अगले दिन आरोपी पक्ष उसी जमीन पर ट्रैक्टर लेकर पहुंचा और धान बुआई शुरू कर दी।

जब होंश राम अपनी पत्नी और बेटों के साथ उन्हें रोकने पहुंचे तो आरोपियों ने गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इसी दौरान सभी ने मिलकर होंश राम को खेत की मेड़ से नीचे धक्का दे दिया और उमेश ने ट्रैक्टर चलाकर उन्हें कुचल दिया। घटना में मौके पर ही होंश राम की मौत हो गई।

बतौली पुलिस ने हत्या, मारपीट, धमकी और अन्य धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर, लाठी-डंडे समेत अन्य साक्ष्य जब्त किए और सभी आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में भुवनेश्वर पैंकरा, बजरंग लाल, रघुनंदन पैंकरा, मनोज, उमेश, बोधन पैंकरा, कमलेश्वरी पैंकरा और प्यारी पैंकरा शामिल हैं।

पूरे मामले की कार्रवाई में थाना प्रभारी विवेक कुमार सेंगर, उपनिरीक्षक आभाष मिंज सहित बतौली पुलिस और साइबर सेल की टीम की अहम भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *