21 June 2026
रामगढ़ से लौट रही श्रद्धालुओं से भरी पिकअप ट्रैक्टर से टकराई, एक की मौत,एक दर्जन गंभीर घायल…मौके पर मची चीख-पुकार
हादसा बड़ी खबर राज्य

रामगढ़ से लौट रही श्रद्धालुओं से भरी पिकअप ट्रैक्टर से टकराई, एक की मौत,एक दर्जन गंभीर घायल…मौके पर मची चीख-पुकार

Sarguja express

अंबिकापुर। सूरजपुर जिले के भैंसामुंडा क्षेत्र से रामगढ़ पूजा-अर्चना कर लौट रहे ग्रामीणों की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप वाहन सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर से जा टकराई। हादसे में एक दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कई अन्य को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार भैंसामुंडा निवासी मधुराम के घर बच्चे के जन्म की खुशी में परिवार और ग्रामीणों ने उदयपुर रामगढ़ में पूजा-पाठ करने की योजना बनाई थी। इसी के तहत गांव से दो पिकअप वाहनों में लोग सवार होकर रामगढ़ पहुंचे थे। पूजा संपन्न होने के बाद सभी वापस अपने गांव लौट रहे थे।

बताया जा रहा है कि शाम करीब 7:30 बजे मेंड्राकला के पास एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर से जा भिड़ी। बताया जा रहा है कि पिकअप काफी तेज रफ्तार में थी.टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन में बैठे लोग उछलकर इधर-उधर गिर पड़े और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे में कई महिलाएं, पुरुष और बच्चे घायल हुए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक महिला का हाथ गंभीर रूप से कट गया, जबकि कई लोगों को सिर, हाथ-पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।

घटना की सूचना तत्काल मणिपुर पुलिस को दी गई। इस दौरान उसी मार्ग से गुजर रही एक अन्य पिकअप वाहन की मदद से कुछ गंभीर घायलों को पहले मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया। बाद में एंबुलेंस बुलाकर बाकी घायलों को भी अस्पताल लाया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान एक महिला की मौत हो गई.

प्राथमिक जानकारी में यह भी सामने आया है कि पिकअप चालक शराब के नशे में था और तेज गति से वाहन चला रहा था। हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

इस हादसे ने एक बार फिर ग्रामीण इलाकों में मालवाहक वाहनों में अत्यधिक संख्या में लोगों के सफर और सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *