14 June 2026
जुआ पर पुलिस का शिकंजा, दो मामलों में 12 आरोपी गिरफ्तार, 16 हजार से अधिक नकदी जब्त
कार्रवाई क्राइम राज्य

जुआ पर पुलिस का शिकंजा, दो मामलों में 12 आरोपी गिरफ्तार, 16 हजार से अधिक नकदी जब्त

Sarguja express…..

अंबिकापुर। सरगुजा पुलिस द्वारा जिले में अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना कोतवाली पुलिस ने जुआ एक्ट के तहत दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 16,720 रुपये नगद और दो ताश की गड्डियां जब्त की गई हैं।
पुलिस अधीक्षक सरगुजा श्री राजेश अग्रवाल के निर्देश पर जिले के सभी थाना प्रभारियों को जुआ और सट्टे के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में कोतवाली पुलिस शहर में पेट्रोलिंग कर रही थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि नमनाकला स्थित गुडलक गैरेज के पीछे कुछ लोग सार्वजनिक स्थान पर 52 पत्ती ताश के जरिए कटपत्ती नामक जुआ खेल रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर कुछ लोग मौके से फरार हो गए, जबकि वहां मौजूद 12 आरोपियों को पकड़ लिया गया। जांच के दौरान आरोपियों के पास से दो अलग-अलग ताश की गड्डियां और नगद 16,720 रुपये बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार आरोपी सार्वजनिक स्थान पर रुपये-पैसों का हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे थे, जो छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत अपराध की श्रेणी में आता है। इस आधार पर सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में अनिल कश्यप, रमेश सेमरिया, सहाबुद्दीन, संतोष कुमार, अनुज कुमार जायसवाल, पवन साहनी, असीम तिर्की, वीरेंद्र एक्का, मनोज सोनकर, दीपक सोनकर, सद्दाम हुसैन और नागेंद्र सोनकर शामिल हैं।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत सिन्हा के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक सूरज राय, आरक्षक जोधन पैंकरा, नितिन सिन्हा, विवेक राय, बृजेश राय और एहसान फिरदौसी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध जुआ और सट्टे के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *