Sarguja express….. (दीपक सराठे )
अंबिकापुर। कलेक्टर अजीत कुमार वसंत के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन और स्कूल शिक्षा विभाग के संयुक्त प्रयास से मंगलवार को जिला पंचायत अंबिकापुर के सभागार में NEET और JEE की तैयारी के लिए चयनित छात्रों की काउंसलिंग आयोजित की गई। इस पहल के तहत सरगुजा जिले के शासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेष कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी।

जानकारी के अनुसार छात्रों का चयन कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर किया गया है। मेडिकल और इंजीनियरिंग में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों को वर्ष 2028 में आयोजित होने वाली NEET और JEE प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के लिए जिला स्तरीय मेरिट सूची के आधार पर चुना गया है। चयन प्रक्रिया में आरक्षण रोस्टर का पूर्ण रूप से पालन किया गया है। इस योजना के तहत कुल 50 पात्र छात्र-छात्राओं का चयन किया गया है।
चयनित विद्यार्थियों को रायपुर स्थित कोचिंग संस्थान में तैयारी कराई जाएगी। कोचिंग, आवास, भोजन और अध्ययन सामग्री की व्यवस्था जिला खनिज न्यास (DMF) के माध्यम से जिला प्रशासन द्वारा की जाएगी। कोचिंग कक्षाएं 28 मई 2026 से प्रारंभ होंगी और विद्यार्थियों को जिला मुख्यालय से रायपुर तक पहुंचाने की भी व्यवस्था प्रशासन द्वारा की गई है।
काउंसलिंग कार्यक्रम में दूरस्थ क्षेत्रों से छात्र-छात्राओं के साथ उनके अभिभावक और शिक्षक भी शामिल हुए। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. दिनेश झा की उपस्थिति में काउंसलिंग समिति के अध्यक्ष एवं जिला पंचायत सरगुजा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार अग्रवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए अनुशासन, मोबाइल के सीमित उपयोग और लक्ष्य के प्रति एकाग्र रहने की सलाह दी।
कार्यक्रम में सहायक आयुक्त आदिवासी विकास, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, प्राचार्य बड़ादमाली तथा प्राचार्य सेजम सेब सदस्य के रूप में उपस्थित रहे। वहीं रायपुर के कोचिंग संस्थान ALLEN के शिक्षकों ने विद्यार्थियों को अध्ययन पद्धति और तैयारी के तरीके के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

