Sarguja express
असकला….लुंड्रा क्षेत्र के ग्राम असकला में रविवार शाम एक व्यक्ति द्वारा नशे की हालत में अपने ही घर में आग लगा देने का मामला सामने आया है। घटना से गांव में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम असकला आमापारा निवासी नाथूराम पैकरा ने रविवार शाम करीब चार बजे पारिवारिक विवाद के बाद शराब के नशे में घर पहुंचकर अपने मकान में आग लगा दी। उस समय घर के भीतर कोई मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि नहीं हुई।.

आग लगने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने का प्रयास किया और समय रहते आग पर काबू पा लिया। हालांकि, इस घटना में घर के अंदर रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो गया।
घटना की सूचना फायर ब्रिगेड और पुलिस को दी गई। रघुनाथपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग लगाने वाला व्यक्ति फरार हो चुका था।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश की जा रही है।

