26 March 2026
स्वच्छता में अव्वल रहने की पहल, महापौर…सभापति व नगर निगम की टीम उतरी सड़क पर, दुकानदारों को किया जागरूक
ग्राउंड रिपोर्ट जागरूकता देश निगम निरीक्षण पहल प्रशासन राज्य

स्वच्छता में अव्वल रहने की पहल, महापौर…सभापति व नगर निगम की टीम उतरी सड़क पर, दुकानदारों को किया जागरूक

Sarguja express….

अंबिकापुर. नगर को स्वच्छता के क्षेत्र में देश में अग्रणी बनाए रखने और उसकी पहचान को और मजबूत करने के लिए नगर निगम ने एक बार फिर सक्रिय पहल शुरू कर दी है। इसी क्रम में बुधवार को शहर में सड़क किनारे ठेला और गुमटी संचालकों के बीच विशेष स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान महापौर श्रीमती मंजूषा भगत, सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, स्वच्छता प्रभारी ममता तिवारी सहित नगर निगम के अन्य एमआईसी सदस्य स्वयं सड़क पर उतरे और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
अभियान के दौरान निगम की टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर दुकानदारों और ठेला संचालकों को दुकान के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने की समझाइश दी। महापौर और सभापति ने स्पष्ट रूप से कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाना न केवल शहर की छवि को खराब करता है, बल्कि इससे स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी बढ़ती हैं। उन्होंने दुकानदारों से अपील की कि वे अपने-अपने व्यवसाय स्थल के आसपास स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
निरीक्षण के दौरान कई दुकानों में सूखा और गीला कचरा अलग-अलग रखने के लिए डस्टबिन की व्यवस्था नहीं पाई गई। इस पर महापौर श्रीमती मंजूषा भगत ने संबंधित दुकानदारों को निर्देशित किया कि वे तत्काल दो अलग-अलग डस्टबिन रखें, ताकि कचरे का सही तरीके से प्रबंधन किया जा सके। उन्होंने कहा कि जैसे लोग अपने घरों को साफ-सुथरा रखते हैं, उसी तरह शहर को भी अपना घर मानकर स्वच्छता बनाए रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।
महापौर ने यह भी कहा कि अंबिकापुर शहर स्वच्छता सर्वेक्षण में अपनी अलग पहचान बना चुका है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी इसकी सराहना हो चुकी है। इस पहचान को बनाए रखने के लिए जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ आम नागरिकों की भागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी के सहयोग से अंबिकापुर आगे भी स्वच्छता के क्षेत्र में शीर्ष स्थान पर बना रहेगा।
सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी ने भी लोगों से अपील करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह एक सामूहिक प्रयास है। जब तक हर व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी नहीं समझेगा, तब तक स्थायी बदलाव संभव नहीं है।
नगर निगम की टीम ने यह भी बताया कि आने वाले दिनों में शहर के अन्य क्षेत्रों में भी इसी तरह के जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। इसका उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और शहर को साफ-सुथरा बनाए रखना है।
इस पहल से यह स्पष्ट है कि नगर निगम अंबिकापुर अपनी स्वच्छता की पहचान को बनाए रखने के लिए गंभीर है और इसके लिए हर स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। अब यह शहरवासियों पर निर्भर करता है कि वे इस अभियान में कितनी सक्रिय भागीदारी निभाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *