3 March 2026
विश्रामपुर तहसील का चपरासी लग्जरी कार में नशीली दवाओं की सप्लाई करते गिरफ्तार, 608 नग टैबलेट-कैप्सूल जब्त
कार्रवाई क्राइम राज्य सफलता

विश्रामपुर तहसील का चपरासी लग्जरी कार में नशीली दवाओं की सप्लाई करते गिरफ्तार, 608 नग टैबलेट-कैप्सूल जब्त

Sarguja express

अंबिकापुर । जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सरगुजा आबकारी उड़नदस्ता की कार्रवाई में विश्रामपुर तहसील में पदस्थ एक चपरासी को लग्जरी कार में नशीली दवाओं की सप्लाई करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से कुल 608 नग प्रतिबंधित नशीली टैबलेट और कैप्सूल बरामद किए गए हैं। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 1 मार्च 2026 की शाम सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता को मुखबिर से सूचना मिली कि तिलसिवा ग्राउंड, सूरजपुर के पास एक व्यक्ति अपनी कार में नशीली दवाओं की सप्लाई करने वाला है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल टीम गठित कर मौके पर घेराबंदी की गई। कुछ ही देर में बताई गई कार को घेरकर उसमें बैठे व्यक्ति से पूछताछ की गई।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अभिषेक साहू निवासी गोविंदपुर, साहू पारा, जिला सूरजपुर बताया। उसने यह भी स्वीकार किया कि वह पूर्व में कलेक्ट्रेट सूरजपुर में चपरासी के पद पर कार्यरत रहा है और वर्तमान में तहसील विश्रामपुर में पदस्थ है। संदेह के आधार पर जब कार की तलाशी ली गई तो डैशबोर्ड में रखे काले रंग के बैग से भारी मात्रा में नशीली दवाएं बरामद हुईं।
तलाशी के दौरान 560 नग अल्प्राजोलम टैबलेट तथा 48 नग स्पास्मो प्रॉक्सीवोन प्लस कैप्सूल जब्त किए गए। कुल 608 नग नशीली दवाओं की बरामदगी के बाद टीम ने तत्काल आरोपी को हिरासत में लेकर उसकी लग्जरी कार क्रमांक CG29AG1098 सहित समस्त बरामद सामग्री को जब्त कर लिया।
आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(सी) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया। 2 मार्च 2026 को आरोपी को माननीय न्यायालय सूरजपुर में रिमांड के लिए प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश जारी किया गया।
इस कार्रवाई का नेतृत्व सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने किया। टीम में आबकारी मुख्य आरक्षक रमेश दुबे, अशोक सोनी, नगर सैनिक रणविजय सिंह, ओम प्रकाश गुप्ता तथा नीरज चौहान की विशेष भूमिका रही। अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी और बिक्री के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
आबकारी विभाग की इस कार्रवाई से जिले में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशे से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत विभाग को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *