Sarguja express…..
अम्बिकापुर. निगम क्षेत्र के गुरु घासीदास वार्ड के सहेली गली में आज लाखों रुपये की लागत से बनने वाली नाली का भूमिपूजन किया गया। इस समारोह में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य आदित्येश्वर शरण सिंहदेव और नगर निगम अम्बिकापुर के नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने मुख्य रूप से भाग लिया। नाली के अभाव और गंदे पानी के जमाव से स्थानीय नागरिक लंबे समय से परेशान थे। वार्ड के नवनिर्वाचित युवा पार्षद शुभम जायसवाल के प्रयासों से लगभग साढ़े चार लाख रुपये की लागत से नाली निर्माण कार्य की स्वीकृति मिली, जिससे स्थानीय लोगों में खुशी की लहर है।
भूमिपूजन समारोह में पूर्व पार्षद श्रीमती गीता श्रीवास्तव, श्रीमती उमा राजवाड़े, श्रीकांत सिन्हा, बबलू सिन्हा, अमित सिन्हा, कृष्ण मुरारी शर्मा, रितेश यादव, मुकेश गुप्ता, अतुल ताम्रकार, विनय, सूरज राजवाड़े, प्रिंसी इमालया, अंकुश साहू, आर्यमन ताम्रकार सहित वार्ड के बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।
यह स्थान वह था, जहां पहले एक पुरानी और उथली नाली थी, जो बरसात के दिनों में अक्सर जाम हो जाती थी और पानी नाली के ऊपर से बहने लगता था, जिससे वार्डवासियों को बहुत परेशानी होती थी। यह नाली केदारपुर के सहेली गली और चित्रांश गली से जुड़ी हुई थी, और इसके डिज़ाइन में पानी के सही बहाव की कोई व्यवस्था नहीं थी।
पार्षद शुभम जायसवाल ने इस मौके पर बताया कि नया नाली निर्माण पूरी गुणवत्ता और सही तरीके से पानी के बहाव को ध्यान में रखते हुए किया जाएगा, ताकि भविष्य में बरसात के दिनों में किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इससे न केवल जल निकासी में सुधार होगा, बल्कि स्थानीय लोगों को बरसात के दिनों में बड़ी राहत मिल सकेगी.

