19 December 2025
सरगुजा मे ठंड से एक व्यक्ति की मौत…अंबिकापुर में पारा 5 डिग्री
बड़ी खबर मौसम राज्य

सरगुजा मे ठंड से एक व्यक्ति की मौत…अंबिकापुर में पारा 5 डिग्री

Sarguja express….

अंबिकापुर….उत्तर छत्तीसगढ़ शीतलहर की चपेट में है। संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से नीचे आ गया है। 9 दिसंबर की रात यहां खुले में सोए एक व्यक्ति की ठंड लगने से मौत हो गई। सरगुजा संभाग के पाट क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री तक गिर गया है। संभाग के सोनहत और सामरीपाट में गुरुवार को भी पाले पड़े। मैदानी इलाकों में भी न्यूनतम तापमान 4 से 5 डिग्री दर्ज किया गया है।
उत्तरी सर्द हवाओं के कारण सरगुजा संभाग में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। आसमान पूरी तरह से साफ होने के कारण हवाएं तेजी से प्रवेश कर रही हैं। पाट से लेकर मैदानी इलाकों पर कभी-कभी पाले पड़ने की स्थिति भी बन रही है।
गुरुवार को अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री दर्ज किया गया है। इसके पूर्व बुधवार को अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 5.0 डिग्री दर्ज किया गया था। संभाग के पाट इलाकों में मैनपाट, सामरीपाट और सोनहत क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 4 से 5 डिग्री रहा। सामरी पाट में भी गुरुवार को पाले पड़े दिखे। दोनों पाटों में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री से भी नीचे गिर गया है।

सरगुजा संभाग में दिसंबर के दूसरे हफ्ते में भी रिकार्ड ठंड पड़ रही है। दिसंबर महीने में कड़ाके की ठंड ने नया रिकार्ड बनाया है। अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान औसत से करीब 4.5 डिग्री कम है। पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में कुछ कमी आई है। अंबिकापुर का अधिकतम तापमान 25.3 डिग्री दर्ज किया गया है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 26.7 डिग्री दर्ज किया गया था। मौसम वैज्ञानिक एएम भट्ट ने कहा कि शीतलहरों का असर आगामी दिनों में भी दिखेगा। सरगुजा में न्यूनतम तापमान में और गिरावट आ सकती है। अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 4 डिग्री तक गिर सकता है। शीतलहरों के कारण पाट से लेकर मैदानी इलाकों तक कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इसके कारण शाम ढलते ही सड़कें सूनी होने लगी हैं। अंबिकापुर में नगर निगम ने सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की भी व्यवस्था की गई है। कड़ाके की ठंड को देखते हुए डॉक्टरों ने ठंड से बचने की सलाह दी है।

>खुले में सोए व्यक्ति का शव मिला

अंबिकापुर के पुराने बस स्टैंड में एक व्यक्ति का शव मिला है, जिसका शरीर अकड़ गया है। उसकी ठंड लगने से मौत की आशंका है। मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। मंगलवार को वह पुराने बस स्टैंड के पास पहुंचा था। संभवतः वह मांगकर खाता था। उसके पास पर्याप्त कपड़े नहीं थे। उक्त व्यक्ति खुले में सो गया था। मंगलवार शाम उसे लोगों ने पड़ा देखा तो सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। आशंका है कि युवक की मौत ठंड लगने के कारण हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *