15 September 2026
17 सितंबर से एक माह चलेगा सेवा संकल्प अभियान- अनुराग
आयोजन पत्रकार वार्ता राजनीति राज्य

17 सितंबर से एक माह चलेगा सेवा संकल्प अभियान- अनुराग

Sarguja express…..

विनय पाण्डेय

सूरजपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संवैधानिक पद पर कार्य करते हुए 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। रविवार को जिला मुख्यालय में आयोजित पत्रकारवार्ता में छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने अभियान की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का सार्वजनिक जीवन राष्ट्र और जनसेवा को समर्पित रहा है। उनके 25 वर्षों के सेवा भाव को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से अभियान के तहत विभिन्न सेवा गतिविधियां, सरकारी योजनाओं से हितग्राहियों को जोड़ने तथा युवाओं को सेवा एवं नवाचार से जोड़ने वाले कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान के तहत आशीर्वाद का दिया, नमो सेवा गाथा, सेवा स्मरण, आंगन का उत्सव, कहानी बदलाव की, सेवा ज्योति यात्रा, विकसित भारत संकल्प यात्रा सहित विभिन्न कार्यक्रम होंगे। इसके अलावा 25 सेवा गतिविधियों के साथ सेवा सेतु, रंगोली राष्ट्र, राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज और जनसेवक महाकुंभ जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
अनुराग सिंह देव ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी और आगामी 7 अक्टूबर को उनके सार्वजनिक जीवन के इस महत्वपूर्ण पड़ाव को 25 वर्ष पूरे होंगे। इसी उपलक्ष्य में इस बार सेवा पखवाड़े के स्थान पर एक माह का विशेष सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर सूरजपुर जिले में एक लाख 11 हजार 111 दीप प्रज्ज्वलित कर जनसेवा का संकल्प लिया जाएगा। इसमें भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ आमजनों की भी सहभागिता रहेगी।
पत्रकारवार्ता में भाजपा के वरिष्ठ नेता भीमसेन अग्रवाल, जिलाध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी, जिला महामंत्री शशिकांत गर्ग, जिला मीडिया प्रभारी मुकेश गर्ग सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *