Sarguja express…..
अंबिकापुर। स्मार्ट मीटर के विरोध में घोषित आंदोलन के प्रभावी क्रियान्वयन, संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करने तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की कथित विफलताओं को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा ने बुधवार को एक वृहद कार्यशाला का आयोजन किया। कार्यशाला में जिला कार्यकारिणी, ब्लॉक अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा-संगठनों के पदाधिकारी एवं प्रभारी शामिल हुए। करीब पांच घंटे तक चली इस कार्यशाला में आठ वक्ताओं ने विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण और मार्गदर्शन दिया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने कहा कि आगामी चुनावों में सरकार परिवर्तन के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को 40 प्रतिशत मतदान अपने पक्ष में करने का लक्ष्य लेकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों से आम जनता महंगाई, बेरोजगारी, परीक्षा लीक, स्मार्ट मीटर, इथेनॉल नीति सहित कई समस्याओं से परेशान है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच प्रभावी संवाद स्थापित करने का आह्वान किया।
निगम के पूर्व सभापति अजय अग्रवाल ने बूथ स्तर तक जनसंपर्क की रणनीति बताते हुए कहा कि राजनीति सेवा का माध्यम है और सत्ता में आने के लिए मतदाताओं से निरंतर संवाद आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कांग्रेस की पूर्व सरकार की जनहितकारी योजनाओं और भविष्य की नीतियों को लोगों तक पहुंचाने का आग्रह किया।
प्रदेश कांग्रेस महामंत्री द्वितेंद्र मिश्रा ने बूथ, पंचायत, वार्ड एवं मंडल स्तर पर संगठन को सक्रिय रखने, जिम्मेदारियों का स्पष्ट निर्धारण करने तथा नियमित मार्गदर्शन की आवश्यकता पर बल दिया।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य आदित्येश्वर शरण सिंहदेव ने स्मार्ट मीटर के विरोध में चल रहे जनसंपर्क अभियान के अनुभव साझा करते हुए बताया कि उपभोक्ता बड़ी संख्या में कांग्रेस द्वारा जारी फार्म भर रहे हैं तथा महिलाएं स्वयं आगे बढ़कर स्मार्ट मीटर पर विरोध स्वरूप स्टिकर लगा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली व्यवस्था की अनदेखी के कारण सरगुजा जिले में लगातार घोषित और अघोषित बिजली कटौती हो रही है, जबकि उपभोक्ताओं पर बढ़े हुए बिजली बिल का अतिरिक्त बोझ भी पड़ रहा है।
पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश गुप्ता ने एग्री स्टेट पंजीकरण, राशन वितरण व्यवस्था तथा शासकीय योजनाओं की जानकारी बूथ स्तर तक पहुंचाने पर विस्तार से जानकारी दी। वहीं जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष अरविंद सिंह, महामंत्री हेमंत तिवारी, जमील खान और अनूप मेहता ने ग्रामीण क्षेत्रों में कानूनी सहायता, मतदाता सूची के पुनरीक्षण, सोशल मीडिया के उपयोग तथा मीडिया समन्वय सहित संगठन को मजबूत करने के विभिन्न पहलुओं पर प्रशिक्षण दिया।
कार्यशाला का संचालन व्याख्यान एवं प्रश्नोत्तर सत्र के माध्यम से किया गया, जिसमें कार्यकर्ताओं ने विभिन्न विषयों पर अपनी जिज्ञासाएं भी रखीं। जिला कांग्रेस ने इसे आगामी आंदोलन और संगठनात्मक गतिविधियों की तैयारी की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

