Sarguja express
मो.हदीस,
सीतापुर। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर सीतापुर क्षेत्र में विविध कार्यक्रमों का आयोजन उत्साह एवं गरिमामय माहौल में किया गया। सीतापुर स्टेडियम ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में आदिवासी समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में सहभागिता निभाई। इस दौरान समाज के लोगों ने पारंपरिक वेशभूषा में आकर्षक रैली निकालकर नगर भ्रमण किया। रैली में आदिवासी संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता की झलक देखने को मिली।

👉भुसु हाईस्कूल ग्राउंड में आयोजित विश्व आदिवासी दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत किये पूर्व मंत्री अमरजीत भगत
हाई स्कूल ग्राउंड भूसू में आयोजित विश्व आदिवासी दिवस समारोह में छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री अमरजीत भगत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ आदिवासी विकास परिषद के प्रदेश अध्यक्ष के.आर. शाह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों एवं समाजजनों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर आदिवासी समाज की खुशहाली एवं समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने उपस्थित लोगों को विश्व आदिवासी दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने आदिवासी समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और विरासत को संरक्षित रखने तथा आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक वेशभूषा, लोक संस्कृति और सामूहिक सहभागिता ने पूरे आयोजन को विशेष बना दिया। नगर भ्रमण के दौरान रैली में शामिल लोगों ने अपनी संस्कृति और परंपरा का प्रदर्शन करते हुए आदिवासी समाज की एकजुटता का संदेश दिया। पूरे आयोजन को लेकर समाज के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।

