5 August 2026
रामानुजगंज में भीषण अग्निकांड, कपड़ा दुकान जलकर खाक; 50 लाख से अधिक के नुकसान की आशंका
हादसा बड़ी खबर राज्य

रामानुजगंज में भीषण अग्निकांड, कपड़ा दुकान जलकर खाक; 50 लाख से अधिक के नुकसान की आशंका

Sarguja express….

रामानुजगंज। नगर के स्टेट बैंक रोड स्थित एक बड़े कपड़ा व्यवसायी की दुकान में मंगलवार सुबह लगभग 5:30 बजे भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी दुकान इसकी चपेट में आ गई। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस हादसे में 50 लाख रुपये से अधिक के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार सुबह टहलने निकले लोगों ने दुकान से धुआं और आग की लपटें उठती देखीं। उन्होंने तत्काल दुकान संचालक निहाल जायसवाल को सूचना दी। इसके बाद नगर पालिका के फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी और दुकान के भीतर रखा कपड़ा व अन्य सामान धू-धू कर जल रहा था।
दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन फायर ब्रिगेड के वाहन का पानी समाप्त हो जाने के बाद भी आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका। इसके बाद स्थानीय लोगों ने नगर पालिका के पानी के टैंकर से बाल्टियों के माध्यम से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास जारी रखा। काफी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर नियंत्रण पाया गया, लेकिन तब तक दुकान में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था।
अग्निकांड के दौरान नगर पालिका के युवा पार्षद पवन गुप्ता, रवि रंजन पाल, अमित गुप्ता, रोहित गुप्ता सहित अनेक स्थानीय नागरिक मौके पर मौजूद रहे और आग बुझाने में सक्रिय सहयोग किया। गौरतलब है कि रामानुजगंज नगर में एक सप्ताह के भीतर आग लगने की यह दूसरी बड़ी घटना है। लगातार हो रही अग्नि दुर्घटनाओं से व्यापारियों और नागरिकों में चिंता का माहौल है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *