Sarguja express…..
बेटियों के सम्मान और सामाजिक सुरक्षा के प्रति संवेदनशील है साय सरकार – राजेश अग्रवाल
अंबिकापुर, / मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार समाज के हर वर्ग के कल्याण और सामाजिक समरसता को मजबूत करने की दिशा में लगातार संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। इसी कड़ी में आज अंबिकापुर स्थित राजमोहनी भवन में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल शामिल हुए और 43 नवविवाहित जोड़ों को सुखद दाम्पत्य जीवन की शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद प्रदान किया।
समारोह में पारंपरिक रीति-रिवाजों, वैदिक मंत्रोच्चार और उत्साहपूर्ण वातावरण के बीच नवदम्पत्तियों का विवाह संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में परिजन, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। विवाह समारोह का वातावरण सामाजिक समरसता, आत्मीयता और सांस्कृतिक सौहार्द से परिपूर्ण दिखाई दिया।
इस अवसर पर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना केवल एक शासकीय योजना नहीं, बल्कि बेटियों के सम्मान, सामाजिक सुरक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य के प्रति सरकार की संवेदनशील सोच का सशक्त उदाहरण है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक अभाव किसी भी परिवार की खुशियों में बाधा न बने।
श्री अग्रवाल ने आगे कहा कि सामूहिक विवाह जैसी योजनाएं सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने, अनावश्यक खर्चों को कम करने और समाज में समानता एवं सद्भाव को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को संबोधित करते हुए कहा कि विवाह केवल दो व्यक्तियों का नहीं, बल्कि दो परिवारों और संस्कृतियों का मिलन होता है। आपसी विश्वास, प्रेम, सम्मान और सहयोग ही वैवाहिक जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है।
उन्होंने सभी नवदम्पत्तियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ईश्वर सभी के जीवन को सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य और पारिवारिक सौहार्द से परिपूर्ण करे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण, बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है, जिनका लाभ प्रदेश के लाखों परिवारों को मिल रहा है।
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक संपन्न कराया जा रहा है। योजना के तहत नवदम्पत्तियों को आवश्यक घरेलू सामग्री और आर्थिक सहायता भी प्रदान की जाती है, जिससे उनके नए जीवन की शुरुआत सहज और आत्मसम्मान के साथ हो सके। यह योजना समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने और सामाजिक सुरक्षा का मजबूत आधार तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
समारोह के दौरान नवदम्पत्तियों और उनके परिजनों में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने भी राज्य सरकार की इस जनकल्याणकारी पहल की सराहना की और इसे समाजहित में एक प्रेरणादायी कदम बताया।

