Sarguja express
अंबिकापुर.
भाजपा नेताओं से जुड़े भ्रष्टाचार, मारपीट और जमीन घोटाले जैसे गंभीर मामलों में कांग्रेस के द्वारा दिये गये ज्ञापन पर पुलिस कार्यवाही की जानकारी बाबत आज सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी का एक दल जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक के नेतृत्व में सरगुजा रेंज के आईजी श्री दीपक झा से मिला। कांग्रेस के इस दल में निगम में नेता प्रतिपक्ष शफ़ी अहमद, पूर्व कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष हेमंत सिन्हा भी शामिल थे। उल्लेखनीय है कि विगत माह कलाकेंद्र मैदान के आबंटन में रिश्वतखोरी से संबंधित एक मोबाइल वार्ता का ऑडियो वायरल हुआ था। मैदान के आबंटन के लिए लेनदेन की इस वार्तालाप में मौजूद स्वर अम्बिकापुर महापौर और भाजपा जिलाध्यक्ष के बताया जा रहा है। इसके अतिरिक्त चाहे सीतापुर में विधायक के द्वारा राजस्व अधिकारी से मारपीट की बात हो या भिट्ठी कला में एक बेवा महिला के साथ जमीन खरीद में धोखाधड़ी का मामला हो, इन सभी मे भाजपा के बड़े नेता या उनके समर्थक शामिल हैं। महीनों बीत जाने के बावजूद पुलिस इन प्रभावशाली लोगों के विरुद्ध कार्यवाही शुरू नहीं कर पा रही है। इन घटनाओं के सामने आने के बाद कांग्रेस ने थाने से लेकर उच्च पुलिस अधिकारियों को कार्यवाही हेतु ज्ञापन सौंपा लेकिन पुलिस का रवैया अबतक शिथिल और निराशाजनक रहा है। 6 जुलाई को कांग्रेस ने न्याय रैली निकाल सरगुजा रेंज के आई जी को कार्यवाही हेतु लिखित निवेदन, साक्ष्य के साथ दिया, किंतु 2 सप्ताह बीतने की बावजूद इन मामलों में ठोस कार्यवाही की जानकारी नहीं मिलने पर आज कांग्रेस का प्रतिनिधि मंडल सरगुजा रेंज के आईजी से मुलाकात कर कार्यवाही की जानकारी मांगा। इस मामले में सीधी चर्चा में आईजी ने कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को हो रही कार्यवाहियों की जानकारी देने के साथ ही साथ आश्वस्त किया है कि इन मामलों को लेकर अब नतीजे सामने आएंगे और कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को दुबारा इन मांगों के लिए नहीं आना पड़ेगा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने भी कहा कि कार्यवाही संतोषजनक होनी चाहिये अन्यथा कांग्रेस भाजपा मंत्री, मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री तक के दौरे में विरोधस्वरूप काला झंडा लेकर खड़ी मिलेगी। प्रतिनिधिमंडल में संजय विश्वकर्मा, विनीत विशाल जायसवाल, पापिन्दर सिंह, शुभम जायसवाल मौजूद रहे।

