Sarguja express…..
रामानुजगंज। ग्राम भंवरमाल निवासी किसान राम अवतार प्रजापति के सुपुत्र बृजेश प्रजापति ने अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर सहकारिता विभाग की उप अंकेक्षक (सब ऑडिटर) भर्ती परीक्षा में छत्तीसगढ़ राज्य में द्वितीय स्थान प्राप्त कर पूरे क्षेत्र, जिले और समाज का नाम रोशन किया है।
बृजेश की इस शानदार उपलब्धि से भंवरमाल सहित पूरे रामानुजगंज क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उनकी सफलता पर परिजनों, शिक्षकों, मित्रों एवं क्षेत्रवासियों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
बृजेश ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गांव के ही शासकीय स्कूल व पांचवी से 12वीं कक्षा तक की पढ़ाई डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल भंवरमाल से पूरी की। इसके बाद उन्होंने लरंगसाय महाविद्यालय, रामानुजगंज से वाणिज्य (कॉमर्स) विषय में स्नातक की शिक्षा प्राप्त की।
उनकी सफलता की सबसे प्रेरणादायक बात यह है कि उन्होंने किसी बड़े कोचिंग संस्थान का सहारा नहीं लिया। उन्होंने घर पर रहकर स्व-अध्ययन (सेल्फ स्टडी) के माध्यम से परीक्षा की तैयारी की और अनुशासित दिनचर्या, निरंतर अभ्यास तथा दृढ़ संकल्प के दम पर यह मुकाम हासिल किया।
बृजेश प्रजापति की यह उपलब्धि ग्रामीण अंचल के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है। उन्होंने साबित कर दिया कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए, तो सीमित संसाधनों में भी बड़ी सफलता प्राप्त की जा सकती है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल प्रजापति समाज बल्कि पूरा रामानुजगंज क्षेत्र गौरवान्वित महसूस कर रहा है।

