1 August 2026
पैरामेडिकल कोर्स में अब तक शुरू नहीं हुआ दाखिला, छात्रों को सत्र गंवाने का डर,मेडिकल कॉलेज की 60 सीटों पर दाखिला अटका
देश अपील नियम पहल प्रतिक्रिया बड़ी खबर मांग राज्य शिक्षा स्वास्थ

पैरामेडिकल कोर्स में अब तक शुरू नहीं हुआ दाखिला, छात्रों को सत्र गंवाने का डर,मेडिकल कॉलेज की 60 सीटों पर दाखिला अटका

Sarguja express

अम्बिकापुर। मेडिकल कॉलेज अस्पताल अम्बिकापुर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रस्तावित पैरामेडिकल पाठ्यक्रमों में अब तक प्रवेश प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी है। प्रवेश प्रक्रिया शुरू होने में हो रही देरी से पैरामेडिकल पाठ्यक्रमों में दाखिला लेने की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं के सामने परेशानी खड़ी हो गई है। समय रहते प्रवेश प्रक्रिया शुरू नहीं हुई तो विद्यार्थियों को इस शैक्षणिक सत्र का नुकसान उठाना पड़ सकता है।
मामले को लेकर नगर निगम अम्बिकापुर के नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने कलेक्टर अजीत वसंत से चर्चा कर विद्यार्थियों के हित में जल्द पहल करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रवेश प्रक्रिया में देरी का सीधा असर विद्यार्थियों की पढ़ाई पर पड़ेगा। इसलिए प्रक्रिया जल्द शुरू होना जरूरी है, ताकि छात्र-छात्राओं को इसी सत्र में प्रवेश मिल सके और उनका एक वर्ष खराब न हो।
कलेक्टर अजीत वसंत ने शफी अहमद से चर्चा के दौरान कहा कि मेडिकल कॉलेज के डीन को आवश्यक दस्तावेज और संबंधित पत्र के साथ सोमवार को उनके पास भेजें। उन्होंने कहा कि मामले की पूरी जानकारी और दस्तावेज देखने के बाद विद्यार्थियों के हित में आवश्यक पहल की जाएगी।
मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. अविनाश मेश्राम ने बताया कि आयुष विश्वविद्यालय की ओर से पैरामेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आवश्यक नियम एवं शर्तें अभी तक जारी नहीं की गई हैं। प्रवेश संबंधी नियम-शर्तें जारी नहीं होने के कारण कॉलेज स्तर पर प्रवेश प्रक्रिया शुरू नहीं की जा सकी है।
गौरतलब है कि 10 जून 2026 को प्रकाशित समाचारों में डीन डॉ. अविनाश मेश्राम के हवाले से शैक्षणिक सत्र 2026-27 से मेडिकल कॉलेज अम्बिकापुर में पैरामेडिकल पाठ्यक्रम शुरू किए जाने की जानकारी दी गई थी। इसके तहत बायोकेमिस्ट्री, पैथोलॉजी, माइक्रोबायोलॉजी, रेडियोलॉजी, एनेस्थीसिया एवं नेत्र रोग विभाग में 10-10 सीटों के साथ कुल 60 सीटों पर प्रवेश प्रस्तावित था।
इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए जीव विज्ञान विषय के साथ 12वीं उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को अवसर मिलने की बात भी सामने आई थी। इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को मेडिकल क्षेत्र में रोजगारपरक शिक्षा हासिल करने का स्थानीय अवसर मिलने की उम्मीद जगी थी।
अब सबसे महत्वपूर्ण है कि प्रवेश प्रक्रिया जल्द शुरू हो, ताकि विद्यार्थियों को शैक्षणिक सत्र 2026-27 में दाखिला मिल सके। प्रवेश में और देरी होने पर छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित होने के साथ उनका एक वर्ष भी खराब हो सकता है। ऐसे में विद्यार्थियों के हित में संबंधित स्तर पर जल्द आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर प्रवेश शुरू कराने की जरूरत है।
कलेक्टर की पहल के बाद सोमवार को मेडिकल कॉलेज के डीन की उनसे मुलाकात प्रस्तावित है। उम्मीद है कि इस मुलाकात के बाद प्रवेश संबंधी प्रक्रिया को आगे बढ़ाने और विद्यार्थियों को इसी सत्र में दाखिला दिलाने की दिशा में आवश्यक पहल होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *