Sarguja express
मो,हदीस,
सीतापुर/सरगुजा। जिला सरगुजा के लुंड्रा थाना में पदस्थ पुलिस निरीक्षक सी.आर. चंद्रा के सुपुत्र अतुल चंद्रा ने अपनी प्रतिभा और कड़ी मेहनत के दम पर प्रतिष्ठित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (NIT) दिल्ली के कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (CSE) पाठ्यक्रम में चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। अतुल की इस उपलब्धि से उनके परिवार के साथ-साथ ग्राम अंडा, जिला सक्ती और पूरे छत्तीसगढ़ में हर्ष का माहौल है।
ग्राम अंडा, जिला सक्ती निवासी अतुल चंद्रा ने जवाहर नवोदय विद्यालय, लवन से कक्षा 12वीं की परीक्षा 93 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण की। इसके बाद उन्होंने JEE Main 2026 में 99.27 परसेंटाइल हासिल कर अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा का परिचय दिया। इसी शानदार प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन एनआईटी दिल्ली के कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग पाठ्यक्रम के लिए हुआ है।
अतुल की सफलता के पीछे उनकी निरंतर मेहनत, अनुशासित अध्ययन और लक्ष्य के प्रति दृढ़ संकल्प को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनकी उपलब्धि क्षेत्र के उन विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है, जो देश के प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थानों में प्रवेश पाने का सपना देख रहे हैं।
अतुल चंद्रा की इस उपलब्धि पर जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, समाज के प्रबुद्धजनों, पुलिस विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों एवं क्षेत्रवासियों ने पुलिस निरीक्षक सी.आर. चंद्रा और उनके परिवार को बधाई दी है। सभी ने अतुल के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वे आगे चलकर एक सफल अभियंता बनकर अपने माता-पिता, क्षेत्र, छत्तीसगढ़ और देश का नाम गौरवान्वित करेंगे।

