13 June 2026
पण्डो समाज की विशाल रैली, भूमि अधिकार व वन अधिकार पत्र की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन
आयोजन ख़बर जरा हटके देश प्रशासन बड़ी खबर मांग राज्य विरोध शिकायत समस्या

पण्डो समाज की विशाल रैली, भूमि अधिकार व वन अधिकार पत्र की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन

Sarguja express…..

रामानुजगंज। छत्तीसगढ़ पण्डो विशेष पिछड़ी जनजाति समाज कल्याण समिति के तत्वावधान में शुक्रवार को रामानुजगंज में विशाल आमसभा एवं रैली का आयोजन किया गया। प्रदेश कार्यवाहक अध्यक्ष एवं विशेष पिछड़ी जनजाति (पीवीटीजी) समाज के प्रदेश अध्यक्ष उदय कुमार पण्डो के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले सहित विभिन्न क्षेत्रों से हजारों की संख्या में समाज के महिला-पुरुष, युवा एवं ग्रामीण शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत समाज के आराध्य देवों के जयघोष के साथ हुई। आमसभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने पण्डो जनजाति की भूमि एवं वन अधिकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। समाज के प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि पण्डो जनजाति की पुश्तैनी काबिज काश्त भूमि, सिंहदेव प्रकरण व्यवस्थापन भूमि तथा सेटलमेंट भूमि पर भूमाफियाओं द्वारा अवैध कब्जा एवं फर्जीवाड़ा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अशिक्षा और आर्थिक कमजोरी का लाभ उठाकर कूटरचित दस्तावेजों के माध्यम से कई जमीनों का पट्टा अन्य लोगों के नाम करा लिया गया है, जिससे अनेक आदिवासी परिवार अपनी पैतृक भूमि से वंचित हो गए हैं।
वक्ताओं ने यह भी कहा कि अनेक पात्र परिवारों को आज तक वन अधिकार पत्र प्राप्त नहीं हो सका है, जबकि वे वर्षों से वनभूमि पर काबिज होकर खेती-किसानी कर रहे हैं। समाजजनों ने आरोप लगाया कि भूमाफियाओं की गतिविधियों के कारण गरीब एवं कमजोर वर्ग के लोगों को लगातार शोषण, प्रताड़ना और अन्याय का सामना करना पड़ रहा है।
आमसभा के उपरांत समाज के लोगों ने शांतिपूर्ण रैली निकाली। परंपरागत वाद्य यंत्रों, तीर-धनुष एवं सामाजिक प्रतीकों के साथ निकली यह रैली नगर के प्रमुख चौक-चौराहों से होते हुए एसडीएम कार्यालय रामानुजगंज पहुंची। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर बड़ी संख्या में पुलिस बल भी तैनात रहा।
रैली के समापन पर समाज के प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए पण्डो जनजाति की भूमि की निष्पक्ष जांच कर मूल हितग्राहियों को वापस दिलाने, फर्जी पट्टों को निरस्त करने, पात्र परिवारों को वन अधिकार पत्र प्रदान करने तथा भूमाफियाओं के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *