9 September 2026
पुलिस डॉग ‘कोका’ ने कपड़ा सूंघा और जा पहुंचा चोरों के घर, 2 लाख की चोरी का खुलासा; दो आरोपी गिरफ्तार
कार्रवाई क्राइम देश बड़ी खबर राज्य

पुलिस डॉग ‘कोका’ ने कपड़ा सूंघा और जा पहुंचा चोरों के घर, 2 लाख की चोरी का खुलासा; दो आरोपी गिरफ्तार

Sarguja express

जिस दुकान में करते थे काम, वहीं चोरी की रची साजिश; डीवीआर तोड़कर नदी में फेंका, 2 लाख 8 हजार 580 रुपए नकद बरामद

अंबिकापुर। दरिमा थाना क्षेत्र के मोतीपुर भाठापारा में कपड़े की दुकान से करीब दो लाख रुपए की चोरी का पुलिस ने खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस डॉग ‘कोका’ की भूमिका अहम रही। घटनास्थल पर मिले कपड़े की गंध पहचानने के बाद कोका सीधे संदिग्धों के घर तक पहुंच गया। इसके बाद पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो चोरी का राज खुल गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों से 2 लाख 8 हजार 580 रुपए नकद बरामद करने का दावा किया है।

पुलिस के अनुसार मोतीपुर भाठापारा निवासी सुरेश महाजन ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वे 4 सितंबर को गुमला, झारखंड गए थे। 5 सितंबर को वापस लौटने पर दुकान से करीब दो लाख रुपए और डीवीआर गायब मिला। दरिमा पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

कोका ने दिखाई राह, संदिग्धों तक पहुंची पुलिस

डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देश पर पुलिस के साथ फॉरेंसिक और डॉग स्क्वाड को भी जांच में लगाया गया। थाना प्रभारी प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक निशांत गौरव कुर्रे और डॉग हैंडलर घटनास्थल पर पुलिस डॉग कोका को लेकर पहुंचे। यहां मिले कपड़े की गंध पहचान कराने पर कोका सीधे संदिग्धों के घर पहुंच गया।

पुलिस ने मोतीपुर निवासी सिद्धार्थ निषाद उर्फ रानू (25) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक उसने कबीर दास उर्फ विक्की (21) के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया। दोनों पहले सुरेश महाजन की कपड़े की दुकान में काम कर चुके थे।

चोरी से पहले तोड़ा डीवीआर, नदी में फेंके टुकड़े

पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी पहले से दुकान में चोरी की योजना बना रहे थे। वारदात के दौरान दुकान में लगे डीवीआर को तोड़ दिया गया और उसके टुकड़े बेलखरिखा की बहती नदी में फेंक दिए गए, ताकि साक्ष्य मिटाए जा सकें।

पुलिस के अनुसार सिद्धार्थ पूर्व में भी चोरी के एक प्रकरण में गिरफ्तार हो चुका है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

मामले के खुलासे में पुलिस डॉग कोका के साथ डॉग हैंडलर आरक्षक कुलेश्वर साहू और नीरज वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। डीआईजी एवं एसएसपी ने डॉग स्क्वाड और कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम की प्रशंसा करते हुए उन्हें पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *