12 August 2026
तमोर पिंगला में गरिमापूर्ण माहौल में मनाया गया विश्व हाथी दिवस……हाथी संरक्षण और मानव-हाथी सह-अस्तित्व का दिया संदेश, विद्यार्थियों ने क्विज में दिखाया उत्साह
आयोजन ख़बर जरा हटके देश पहल प्रशासन राज्य

तमोर पिंगला में गरिमापूर्ण माहौल में मनाया गया विश्व हाथी दिवस……हाथी संरक्षण और मानव-हाथी सह-अस्तित्व का दिया संदेश, विद्यार्थियों ने क्विज में दिखाया उत्साह

Sarguja express….


रमकोला,। विश्व हाथी दिवस के अवसर पर तमोर पिंगला क्षेत्र में वन विभाग द्वारा हाथी संरक्षण एवं वन्यजीवों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों, ग्रामीणों तथा रमकोला विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य सूरजपुर लवकेश पैकरा रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में मुख्य वन संरक्षक (प्रोजेक्ट एलिफेंट) डा. प्रणय मिश्रा, उप निदेशक एलीफेंट रिजर्व सरगुजा श्रीनिवास तेनेटी (भा.व.से.) तथा पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा सहित तमोर पिंगला, सेमरसोत और बदलखोल के अधिकारी एवं गेम रेंजर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष प्रतापपुर सुखमनिया सिंह आयाम, जनपद उपाध्यक्ष पूनम सिंह, जनपद सदस्य प्रेमावती पटेल, धनसाय मरावी, राजकुमारी मरावी सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं उपसरपंच भी शामिल हुए।
संरक्षण में समुदाय की भूमिका पर जोर
कार्यक्रम के दौरान हाथियों के संरक्षण, प्राकृतिक आवास की सुरक्षा, वन्यजीव संरक्षण तथा मानव-हाथी सह-अस्तित्व को लेकर लोगों को जागरूक किया गया। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने कहा कि हाथी वन पारिस्थितिकी तंत्र के महत्वपूर्ण अंग हैं और उनके संरक्षण के लिए वन विभाग के साथ स्थानीय समुदाय एवं नई पीढ़ी की भागीदारी बेहद जरूरी है।
विद्यार्थियों ने क्विज प्रतियोगिता में लिया हिस्सा
विश्व हाथी दिवस के अवसर पर रमकोला विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए हाथी एवं वन्यजीव संरक्षण विषय पर क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए हाथी, बाघ, वन, पर्यावरण एवं वन्यजीव संरक्षण से जुड़े सवालों के जवाब दिए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।
अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें वन्यजीव संरक्षण का संदेश अपने परिवार और समाज तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने हाथियों, जंगल और वन्यजीवों के संरक्षण तथा मानव-हाथी सह-अस्तित्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *