Sarguja express
अंबिकापुर-दुर्ग ट्रेन के 5-6 घंटे विलंब से चलने पर जताई नाराजगी, सड़क मरम्मत और रेल सेवाएं नियमित करने की मांग
अंबिकापुर। शहर और आसपास की जर्जर सड़कों तथा ट्रेनों की लगातार बिगड़ी समय-सारणी को लेकर माकपा ने मोर्चा खोल दिया है। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की सरगुजा जिला समिति ने जिला प्रशासन और रेलवे प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर सड़कों की समयबद्ध मरम्मत कराने के साथ अंबिकापुर से संचालित ट्रेनों को निर्धारित समय पर चलाने की मांग की है। पार्टी ने समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं होने पर जनहित में आंदोलन की चेतावनी भी दी है।
माकपा ने ज्ञापन में कहा है कि 25 अगस्त को प्रशासन को अंबिकापुर शहर के चारों ओर की एप्रोच सड़कों की बदहाल स्थिति से अवगत कराया गया था। सड़कों पर जगह-जगह बड़े गड्ढे होने के कारण आवागमन मुश्किल हो गया है। पार्टी ने 30 अगस्त तक सड़कों को कम से कम चलने योग्य बनाने की मांग की थी, लेकिन तय समय तक अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।
पार्टी का आरोप है कि सड़कों की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। गड्ढों के कारण वाहन चालकों को परेशानी के साथ दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। ऐसे में प्रशासन से तत्काल मरम्मत कराकर सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था करने की मांग की गई है।
अंबिकापुर-दुर्ग ट्रेन की लेटलतीफी से यात्री परेशान
माकपा ने रेल सेवाओं की स्थिति को लेकर भी नाराजगी जताई है। केंद्रीय रेल मंत्री सहित रेलवे अधिकारियों को भेजे ज्ञापन में पार्टी ने आरोप लगाया कि पिछले करीब 10-12 वर्षों से क्षेत्र की रेल सेवाएं घोषित समय-सारणी के अनुरूप संचालित नहीं हो रही हैं। कई बार ट्रेनें निर्धारित समय से 18 से 20 घंटे तक विलंब से चल रही हैं।
विशेष रूप से अंबिकापुर-दुर्ग ट्रेन क्रमांक 18242 की लेटलतीफी का मुद्दा उठाया गया है। माकपा के अनुसार सरगुजा संभाग से रायपुर जाने वाले यात्रियों के लिए यह महत्वपूर्ण ट्रेन है, लेकिन पिछले कई महीनों से इसके 5-6 घंटे तक विलंब से चलने के कारण यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
पार्टी का कहना है कि ट्रेन के विलंब का सबसे अधिक असर कार्यालयीन कार्य से जाने वाले लोगों और प्रतियोगी परीक्षार्थियों पर पड़ रहा है। हाल ही में ट्रेन के विलंब के कारण रेलवे की परीक्षा देने जा रहे कुछ परीक्षार्थियों की परीक्षा छूटने का दावा भी ज्ञापन में किया गया है।
शहडोल-अंबिकापुर मेमू के संचालन पर भी सवाल
माकपा ने शहडोल-अंबिकापुर मेमू ट्रेन के अनियमित और विलंब से संचालन का मुद्दा भी उठाया है। पार्टी के मुताबिक इस ट्रेन पर बड़ी संख्या में छात्र, कर्मचारी और आम यात्री निर्भर हैं। ट्रेनों के आने-जाने का समय निश्चित नहीं होने के कारण यात्री निर्धारित समय पर स्टेशन पहुंच जाते हैं और उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ता है।
इससे प्लेटफॉर्म पर भीड़ बढ़ने के साथ बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को ज्यादा परेशानी होती है। माकपा ने रेलवे स्टेशनों पर पर्याप्त पेयजल, साफ-सफाई, शौचालय और खान-पान की व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की है।
सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी
माकपा सरगुजा जिला समिति ने प्रशासन से अंबिकापुर और आसपास की जर्जर सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने तथा रेलवे से अंबिकापुर-दुर्ग और शहडोल-अंबिकापुर मेमू सहित प्रमुख ट्रेनों का समय-सारणी के अनुसार संचालन सुनिश्चित करने की मांग की है।
पार्टी ने चेतावनी दी है कि रेल सेवाओं में जल्द सुधार नहीं हुआ और यात्रियों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो माकपा जनहित में आंदोलन करेगी।

