Sarguja express…..
मो.हदीस,सीतापुर– श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर गुरुवार को लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम सीतापुर में भक्ति, उत्साह और रोमांच का अनूठा संगम देखने को मिला। चोरकी पानी धाम शिव मंदिर समिति के तत्वावधान में आयोजित भव्य मटकी फोड़ प्रतियोगिता में श्रीकृष्ण के जयकारों से पूरा स्टेडियम गूंज उठा। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक रामकुमार टोप्पो ने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर किया।
प्रतियोगिता में सीतापुर सहित जशपुर, चिरमिरी समेत विभिन्न क्षेत्रों से पहुंची 14 टीमों ने हिस्सा लिया। इनमें 13 पुरुष टीमों के साथ एक महिला टीम भी शामिल रही। करीब 30 फीट की ऊंचाई पर बांधी गई मटकी को फोड़ने के लिए टीमों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ मानव पिरामिड बनाया। प्रतिभागियों की सुरक्षा को देखते हुए मटकी के नीचे पानी की व्यवस्था भी की गई थी।
प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार 51 हजार रुपये, द्वितीय 25 हजार रुपये और तृतीय पुरस्कार 15 हजार रुपये रखा गया था। रोमांचक मुकाबले में सी.एस.के. चंद्रपुर की टीम ने मटकी फोड़कर प्रथम पुरस्कार अपने नाम किया। वहीं एक टीम मटकी को छूने में सफल रही, जिसे कान्हा फ्यूल सीतापुर की ओर से 5,100 रुपये का नगद पुरस्कार प्रदान किया गया।
महिला टीम ने भी पूरे उत्साह और जज्बे के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। महिलाओं के प्रदर्शन से प्रभावित होकर विधायक रामकुमार टोप्पो ने महिला टीम को 5,100 रुपये का नगद पुरस्कार प्रदान किया। इसके अलावा विधायक ने सभी प्रतिभागी टीमों को ड्रेस एवं सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए।
इस अवसर पर विधायक रामकुमार टोप्पो ने आयोजन के लिए चोरकी पानी धाम शिव मंदिर समिति को बधाई देते हुए प्रदेशवासियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि 4 सितंबर उनके राजनीतिक जीवन के लिए विशेष महत्व रखता है। इसी दिन सीतापुर क्षेत्र के हजारों लोगों ने उन्हें सीतापुर बुलाकर उनके राजनीतिक जीवन की शुरुआत का अवसर दिया था।
उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में सीतापुर के अलावा जशपुर और चिरमिरी सहित विभिन्न क्षेत्रों की टीमों की भागीदारी से आयोजन की व्यापकता और सफलता का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए शुभकामनाएं दीं।
मटकी फोड़ प्रतियोगिता के साथ भजन संध्या का भी आयोजन किया गया। भक्ति गीतों और कृष्ण भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु और नगरवासी झूमते नजर आए। आयोजन समिति की ओर से भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें नगरवासियों और प्रतिभागियों ने प्रसाद ग्रहण किया।
पूरे आयोजन के दौरान स्टेडियम परिसर ‘जय श्रीकृष्ण’ और ‘राधे-राधे’ के जयघोष से गूंजता रहा और जन्माष्टमी का उत्सव श्रद्धा, उमंग और भाईचारे के रंग में सराबोर नजर आया।


