Sarguja express….
मो.हदीस,
सीतापुर– विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत कपाटबहरी निवासी 36 वर्षीय बीएसएफ जवान कमलेश केरकेट्टा की असम में ड्यूटी के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। कमलेश बीएसएफ की 66वीं बटालियन में वर्ष 2012-13 से सेवाएं दे रहे थे और वर्तमान में असम के धुबरी जिले के क्रिस्तापाड़ा क्षेत्र में तैनात थे। जवान की मौत की खबर से परिवार सहित पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार रात करीब 12 बजे कमलेश के कंपनी कैंप से लापता होने की सूचना मिली। निर्धारित स्थान पर नहीं मिलने के बाद बीएसएफ जवानों ने कैंप के आसपास और संभावित स्थानों पर उनकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद शनिवार रात करीब एक बजे जवान का शव बरामद किया गया। घटना की सूचना कंपनी कमांडर ने फोन के माध्यम से उनकी पत्नी ममता केरकेट्टा को दी।
कमलेश की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका फिलहाल स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। मामले को संदिग्ध परिस्थितियों से जोड़कर देखा जा रहा है तथा मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
*गृहग्राम में सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार-
मंगलवार को जवान का पार्थिव शरीर गृहग्राम कपाटबहरी लाया गया। पार्थिव शरीर पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे।
BSF के अधिकारियों और जवानों की मौजूदगी में कमलेश केरकेट्टा को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान बीएसएफ जवानों ने अपने साथी को श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

