24 June 2026
अपर्याप्त तैयारियों के बीच स्कूल खोलने पर कांग्रेस ने उठाए सवाल…..पाठ्यपुस्तक, शिक्षक, भवन और मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर संयुक्त संचालक शिक्षा को सौंपा ज्ञापन
आरोप प्रशासन मांग मुलाकात राजनीति राज्य शिकायत शिक्षा

अपर्याप्त तैयारियों के बीच स्कूल खोलने पर कांग्रेस ने उठाए सवाल…..पाठ्यपुस्तक, शिक्षक, भवन और मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर संयुक्त संचालक शिक्षा को सौंपा ज्ञापन

Sarguja express…

अम्बिकापुर। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के तहत 16 जून से विद्यालय संचालन शुरू किए जाने को लेकर कांग्रेस ने शिक्षा विभाग की तैयारियों पर सवाल खड़े किए हैं। छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश महासचिव परवेज आलम गांधी ने संयुक्त संचालक शिक्षा, सरगुजा संभाग को ज्ञापन सौंपकर कहा है कि जमीनी स्तर पर कई आवश्यक व्यवस्थाएं अधूरी होने के बावजूद स्कूल खोल दिए गए हैं।
ज्ञापन में बताया गया है कि संभाग के कई विद्यालयों में अब तक सभी कक्षाओं की पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध नहीं हो सकी हैं। कई स्कूल एकल शिक्षकीय हैं, जिससे पढ़ाई प्रभावित हो रही है। वहीं जर्जर और मरम्मत योग्य भवनों की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है। परवेज आलम गांधी ने कहा कि क्षेत्र में अत्यधिक गर्मी और उमस के कारण छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर विपरीत असर पड़ने की आशंका है। इसके अलावा कई विद्यालयों में पेयजल, शौचालय, बिजली, पंखे, फर्नीचर और ब्लैकबोर्ड जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। उन्होंने यह भी बताया कि कई स्कूलों में शिक्षकों के रिक्त पदों के चलते शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। मध्यान्ह भोजन के लिए जरूरी संसाधनों की उपलब्धता भी सभी जगह सुनिश्चित नहीं हो पाई है। साथ ही वर्षा ऋतु से पहले भवनों और परिसर की मरम्मत नहीं होने से विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई गई है। कांग्रेस ने मांग की है कि विद्यार्थियों के हित में इन सभी व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा कराया जाए, ताकि बच्चों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *