Sarguja express……..
अंबिकापुर। शहर में लगातार हो रही विद्युत कटौती और बार-बार आने वाले फॉल्ट से परेशान नागरिकों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। अंबिकापुर शहर के छह अलग-अलग स्थानों पर 33/11 केवी क्षमता के नए विद्युत उपकेंद्र स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए भूमि चयन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जिला प्रशासन ने भूमि आवंटन की स्वीकृति भी प्रदान कर दी है। निर्माण कार्य जल्द ही छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड द्वारा प्रारंभ किया जाएगा।
पिछले कई महीनों से शहर में बढ़ती बिजली की मांग के कारण बार-बार बिजली गुल होने और तकनीकी फॉल्ट की समस्या सामने आ रही थी। इसका असर पेयजल आपूर्ति पर भी पड़ रहा था, जिससे आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। बढ़ते जनाक्रोश को देखते हुए महापौर श्रीमती मंजूषा भगत ने नगर निगम के पार्षदों और विद्युत विभाग के अधिकारियों की संयुक्त बैठक बुलाई।
बैठक में विद्युत विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शहर में विद्युत भार क्षमता से अधिक हो चुका है। ऐसे में समस्या का स्थायी समाधान अलग-अलग क्षेत्रों में नए 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र स्थापित करना है। हालांकि, इसके लिए उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराना सबसे बड़ी चुनौती थी।
महापौर ने इस विषय को प्राथमिकता देते हुए नगर निगम और विद्युत विभाग की संयुक्त टीम के साथ विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कराया। पार्षदों के सहयोग से छह स्थानों का चयन किया गया, जिनमें गंगापुर वार्ड, पुराना बस स्टैंड स्थित राज्य परिवहन डिपो, गहीरा गुरु वार्ड (मठपारा), महामाया पहाड़ (घुटरापारा), डिगमा स्थित शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज के पास तथा सिंचाई कॉलोनी बंगाली चौक शामिल हैं। निगम स्वामित्व वाली भूमि पर तत्काल अनापत्ति प्रमाण-पत्र भी जारी कर दिया गया।
इसके बाद महापौर श्रीमती मंजूषा भगत, सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, एमआईसी सदस्यों और पार्षदों के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर से मुलाकात कर शहर की गंभीर विद्युत समस्या से अवगत कराया। कलेक्टर ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी चयनित स्थलों पर उपकेंद्र निर्माण के लिए भूमि आवंटन का आदेश जारी कर दिया।
कार्यालय यंत्री (शहर), संभाग छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, अंबिकापुर द्वारा इन उपकेंद्रों के निर्माण की प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ की जाएगी। उम्मीद है कि इनके निर्माण के बाद शहर में बिजली आपूर्ति अधिक सुचारु होगी, फॉल्ट और कटौती में कमी आएगी तथा नागरिकों को लंबे समय से चली आ रही बिजली संबंधी समस्याओं से राहत मिलेगी। इस पहल के लिए नगर निगम के पार्षदों ने महापौर श्रीमती मंजूषा भगत का आभार व्यक्त किया।

