31 October 2026
टीचर्स क्रिकेट लीग के लिए सरगुजा संभाग की टीम का चयन ट्रायल संपन्न, 50 से अधिक शिक्षकों ने दिखाया दमखम
आयोजन खेल पहल राज्य

टीचर्स क्रिकेट लीग के लिए सरगुजा संभाग की टीम का चयन ट्रायल संपन्न, 50 से अधिक शिक्षकों ने दिखाया दमखम

Sarguja express….

30 खिलाड़ियों का लगेगा कैंप, चयन मैच के बाद राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए घोषित होगी 20 सदस्यीय टीम

अंबिकापुर। स्थानीय गांधी स्टेडियम में शनिवार को टीचर्स क्रिकेट लीग के लिए सरगुजा संभाग की टीम के गठन हेतु चयन ट्रायल आयोजित किया गया। इसमें संभाग के पांच जिलों जशपुर, एमसीबी, कोरिया, सूरजपुर एवं सरगुजा से शिक्षा विभाग में कार्यरत 50 से अधिक शासकीय कर्मचारियों एवं क्रिकेट खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। सुबह 10 बजे से शुरू हुई चयन प्रक्रिया में व्याख्याता, शिक्षक, व्यायाम शिक्षक, लिपिक एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों ने अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया।


चयन प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार संपन्न कराई गई। ट्रायल के आधार पर संभावित 30 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा, जिन्हें प्रशिक्षण शिविर (कैंप) में शामिल किया जाएगा। इसके बाद चयन मैच का आयोजन होगा, जिसके प्रदर्शन के आधार पर राज्य स्तरीय टीचर्स क्रिकेट लीग प्रतियोगिता के लिए संभावित 20 सदस्यीय टीम की घोषणा की जाएगी।
उक्त टीम दिसंबर माह में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय टीचर्स क्रिकेट लीग प्रतियोगिता में सरगुजा संभाग का प्रतिनिधित्व करेगी। चयन प्रक्रिया को लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। विभिन्न जिलों से पहुंचे खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन कर संभागीय टीम में जगह बनाने के लिए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर सहायक जिला क्रीड़ा अधिकारी विकास सिंह, वरिष्ठ कोच आनंदधर दीवान, क्रिकेट कोच शौभिक दास गुप्ता, कमल निकुंज, इसहाक तिर्की, ज्ञानेश्वर सिंह, दिनेश भगत, रविशंकर भगत, विवेक पांडेय, शंकर सुवन गोपाल, पवनीत सिंह गिल सहित भूतपूर्व क्रिकेट खिलाड़ी राजेश अग्रवाल उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *