Sarguja express….
अंबिकापुर। संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय सरगुजा ने राष्ट्रीय सेवा योजना के राज्य स्तरीय पुरस्कारों में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। विश्वविद्यालय एवं इसके अंतर्गत संचालित राष्ट्रीय सेवा योजना इकाइयों ने अलग-अलग श्रेणियों में कुल पांच राज्य स्तरीय पुरस्कार अपने नाम किए हैं। विश्वविद्यालय स्तर की श्रेणी में संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय को राज्य की चयन सूची में पहला स्थान मिला है।
छत्तीसगढ़ शासन के उच्च शिक्षा विभाग द्वारा राष्ट्रीय सेवा योजना राज्य स्तरीय पुरस्कार वर्ष 2025-26 की चयन सूची जारी की गई है। चयनित संस्थाओं और स्वयंसेवकों को 24 सितंबर को राष्ट्रीय सेवा योजना स्थापना दिवस पर पं. दीनदयाल उपाध्याय सभागार, रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
विश्वविद्यालय स्तर पर संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय सरगुजा, अंबिकापुर का चयन हुआ है। संस्था इकाई स्तर पर सरस्वती शिक्षा महाविद्यालय, अंबिकापुर को पुरस्कार के लिए चुना गया है। महाविद्यालय स्वयंसेवक श्रेणी में राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अंबिकापुर के शिवम शर्मा तथा शासकीय राम भजन राय एनईएस स्नातकोत्तर महाविद्यालय जशपुरनगर की नेहा यादव का चयन हुआ है। विद्यालय स्वयंसेवक श्रेणी में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अधिना, सलका, सूरजपुर की मीना राजवाड़े पुरस्कार प्राप्त करेंगी।
विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना प्रकोष्ठ के अंतर्गत सरगुजा संभाग के छह जिलों में महाविद्यालय एवं विद्यालय स्तर की कुल 158 इकाइयां संचालित हैं। इन इकाइयों के माध्यम से स्वयंसेवक समाजसेवा, सामुदायिक सहभागिता और जनजागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम संचालित करते हैं।
इस उपलब्धि पर कुलपति प्रो. राजेंद्र लाकपाले ने पुरस्कार विजेताओं, कार्यक्रम अधिकारियों, प्राचार्यों और राष्ट्रीय सेवा योजना परिवार को बधाई दी। उन्होंने कहा कि स्वयंसेवकों का समर्पण राष्ट्र निर्माण की नींव है। यह उपलब्धि उनके कठिन परिश्रम, अनुशासन और समाजसेवा के प्रति निष्ठा का परिणाम है।
राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम समन्वयक डॉ. एस.एन. पाण्डेय और जिला संगठक खेमकरण अहिरवार ने भी चयनित संस्थाओं एवं स्वयंसेवकों को बधाई देते हुए इसे सरगुजा संभाग के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।

