18 September 2026
गणेश विसर्जन के दौरान टूटी पुलिया से 20 फीट नीचे गिरा ग्रामीण, चट्टान से टकराने पर मौत
हादसा देश राज्य

गणेश विसर्जन के दौरान टूटी पुलिया से 20 फीट नीचे गिरा ग्रामीण, चट्टान से टकराने पर मौत

Sarguja express

गोपत नदी में गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए ग्रामीणों के साथ गया था मेहीलाल, कई अस्पतालों में रेफर होने के बाद मेडिकल कॉलेज में तोड़ा दम

अंबिकापुर। गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान गोपत नदी पर बने पुल के क्षतिग्रस्त किनारे से करीब 20 फीट नीचे गिरने से 50 वर्षीय ग्रामीण की मौत हो गई। नीचे गिरने के दौरान ग्रामीण नदी में मौजूद चट्टान से टकरा गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। घायल को एक के बाद एक कई अस्पतालों में ले जाया गया। आखिरकार मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार मृतक मेहीलाल पिता खुनगू राम (50) कोरिया जिले के सोनहत क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नटवाही का रहने वाला था। वर्तमान में क्षेत्र में गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला चल रहा है। गुरुवार की शाम मेहीलाल भी गांव के अन्य ग्रामीणों के साथ गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए निकला था। गांव से करीब पांच किलोमीटर दूर गोपत नदी में प्रतिमा का विसर्जन किया जा रहा था।
बताया गया कि विसर्जन के दौरान रात हो चुकी थी और मौके पर अंधेरा था। नदी के ऊपर बने पुल का एक किनारा क्षतिग्रस्त था। इसी दौरान मेहीलाल का संतुलन बिगड़ा और वह पुल से करीब 20 फीट नीचे जा गिरा। नीचे नदी में चट्टान से टकराने के कारण उसे गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद साथ मौजूद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल मेहीलाल को तत्काल रामगढ़ अस्पताल ले जाया गया। वहां से उसे सोनहत अस्पताल भेजा गया। हालत गंभीर होने पर उसे बैकुंठपुर अस्पताल रेफर किया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार के दौरान रात में मेहीलाल ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *