Sarguja express…..
अंबिकापुर। शारदीय नवरात्र और मां भगवती दुर्गा पूजनोत्सव की तैयारियों को लेकर रविवार, 6 सितंबर को मायापुर स्थित ॐ शिव सेवा समिति की आम बैठक आयोजित की गई। बैठक में समिति के 16वें दुर्गोत्सव को भव्य, भक्तिमय और आकर्षक स्वरूप देने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान नई कार्यकारिणी के गठन के साथ आयोजन से जुड़े विभिन्न विषयों पर सदस्यों ने आम सहमति से निर्णय लिए।
बैठक में समिति के सदस्यों ने पिछले वर्षों के सफल आयोजन, बेहतर समन्वय और नेतृत्व को देखते हुए शुभांकुर पाण्डेय को लगातार 16वें वर्ष निर्विरोध अध्यक्ष चुना। उनके नाम पर सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति जताई। अध्यक्ष चुने जाने के बाद सदस्यों ने माल्यार्पण कर शुभांकुर पाण्डेय को बधाई दी। सदस्यों ने कहा कि उनके नेतृत्व में समिति लगातार दुर्गोत्सव को भव्य स्वरूप देती आ रही है।
16वें दुर्गोत्सव के लिए 16 प्रमुख बिंदुओं पर चर्चा
ॐ शिव सेवा समिति मायापुर द्वारा पिछले 15 वर्षों से लगातार दुर्गा पूजनोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष समिति का 16वां आयोजन होगा। बैठक में 10 दिवसीय दुर्गोत्सव को अनुशासित और भक्तिमय वातावरण में संपन्न कराने के लिए 16 प्रमुख बिंदुओं पर चर्चा कर आवश्यक जिम्मेदारियां तय की गईं।
समिति ने इस बार मां भगवती की भव्य एवं आकर्षक प्रतिमा स्थापित करने का निर्णय लिया है। पूजा स्थल पर विशाल और सुरक्षित जलरोधी पंडाल तैयार किया जाएगा। इसके साथ ही पूरे पूजा परिसर एवं आसपास के मार्गों को आकर्षक विद्युत झालरों और सजावटी सामग्री से सजाया जाएगा।
दस दिनों तक होगा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन
समिति के अनुसार पंडित रामेश्वर तिवारी पिछले 16 वर्षों से दुर्गोत्सव के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां भगवती की पूजा-अर्चना कराते आ रहे हैं। इस वर्ष भी दस दिनों तक विधि-विधान से दैनिक पूजन-अर्चन कराया जाएगा। माता को प्रतिदिन ताजे फल, दूध-दही, फूल-माला एवं अन्य नैवेद्य अर्पित करने की व्यवस्था भी समिति द्वारा की जाएगी।
नवरात्र के दौरान एक विशेष रात्रि में भव्य जगराता एवं माता की चौकी आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा श्रद्धालुओं के लिए विशाल महाभंडारे का आयोजन भी किया जाएगा। माता के आगमन से लेकर विसर्जन शोभायात्रा तक बेहतर ध्वनि व्यवस्था और सुसज्जित वाहनों की व्यवस्था करने पर भी सहमति बनी।
बैठक में सदस्यों ने आयोजन के दौरान सुरक्षा, अनुशासन, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने पर जोर दिया। सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने आपसी सहयोग से 16वें दुर्गोत्सव को यादगार बनाने का संकल्प लिया।
बैठक में ये रहे उपस्थित
बैठक में कौशलेन्द्र पाण्डेय, अमरेश तिवारी, सतीश शुक्ल, अशोक पाण्डेय, शुभांकुर पाण्डेय, दिनेश पाण्डेय, अनिल कुमार मिश्रा, अजय सिंह, हर्ष कुमार पाण्डेय, ऋषभ तिवारी, हर्ष पाण्डेय, रवि पाण्डेय, अमित सिंह, अतुल कश्यप, शुभम राय, प्रिंस जायसवाल, पिंटू गुप्ता, मृत्युंजय गुप्ता, राज गुप्ता (राहुल), मुकेश गुप्ता, आयुष सिन्हा, रिशु राज गुप्ता, अनुराग केशरी, करण गुप्ता, अरविन्द तिवारी, सूरज साहू, सूर्या गुप्ता, दक्ष पाण्डेय, राकेश गुप्ता, धनंजय कुमार वर्मा, राजेश केशरी, मनोहर गुप्ता, राहुल जायसवाल, लक्की गुप्ता तथा अंकित कुमार पाण्डेय सहित समिति के अन्य सदस्य एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।


