6 August 2026
माउंट लिटेरा ज़ी स्कूल में शपथ ग्रहण समारोह संपन्न, छात्र नेतृत्व को मिली नई जिम्मेदारियां
आयोजन पहल राज्य शिक्षा

माउंट लिटेरा ज़ी स्कूल में शपथ ग्रहण समारोह संपन्न, छात्र नेतृत्व को मिली नई जिम्मेदारियां

Sarguja express…..

सशक्त छात्र नेतृत्व ही भविष्य में समाज और राष्ट्र को नई दिशा देता है-आदित्येश्वर

अंबिकापुर। माउंट लिटेरा ज़ी स्कूल में सोमवार को शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए निवेशित परिषद (इंवेस्टिचर सेरेमनी) एवं शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को नेतृत्व, अनुशासन, उत्तरदायित्व एवं सेवा-भाव का संदेश देते हुए नवगठित छात्र परिषद को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
समारोह का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर महापौर मंजूषा भगत,जिला पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष एवं रेड क्रॉस सोसायटी अंबिकापुर के अध्यक्ष आदित्येश्वर शरण सिंह देव, 10वीं बटालियन की असिस्टेंट कमांडर कविता ठाकुर,मनीष सोनी सहित विद्यालय के निर्देशक के.पी. दीक्षित,उत्तम सिंह सिसोदिया,राजू अग्रवाल,दीपेश गुप्ता,नितेश मेहता, प्रतीक दीक्षित,राधे कृष्ण गोयल,देवादित्य सिंह सिसोदिया,जय सिंह तथा अकादमिक डायरेक्टर डॉ. बृजेश पांडे उपस्थित रहे।

इस दौरान जिला पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष एवं रेड क्रॉस सोसायटी अंबिकापुर के अध्यक्ष आदित्येश्वर शरण सिंह देव ने नव-निर्वाचित छात्र परिषद को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नेतृत्व केवल पद प्राप्त करना नहीं, बल्कि अपने आचरण, अनुशासन और सेवा-भाव से दूसरों के लिए प्रेरणा बनना है। उन्होंने विद्यार्थियों से जिम्मेदारी, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज का सशक्त छात्र नेतृत्व ही भविष्य में समाज और राष्ट्र को नई दिशा देने का कार्य करेगा।

विद्यालय की प्राचार्या वर्षा अग्रवाल के मार्गदर्शन में सीनियर हेड प्रीफेक्ट प्रियंका तिवारी एवं आलेख तिवारी, जूनियर हेड प्रीफेक्ट वेदिका गुप्ता एवं शौर्य गुप्ता सहित अनुशासन प्रमुख, हाउस इंचार्ज एवं अन्य छात्र पदाधिकारियों ने अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की शपथ ली। विद्यार्थियों ने पूरे आत्मविश्वास एवं गंभीरता के साथ अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पित रहने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान शैक्षणिक सत्र 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कक्षा 10वीं के टॉपर्स ऋषिता (90.5 प्रतिशत), सिमरन भगत (88.83 प्रतिशत) एवं वीर कुमार (88.66 प्रतिशत), कक्षा 12वीं विज्ञान संकाय के साक्षी गुप्ता (86.2 प्रतिशत), शुभायु गुप्ता (85.2प्रतिशत) एवं साक्षी तिर्की (85प्रतिशत), जबकि वाणिज्य संकाय की टॉपर रीमा सिंह को सम्मानित किया गया। अंतरराष्ट्रीय टैलेंट ओलंपियाड (आईटीओ) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अंश गुप्ता एवं रुद्र नारायण गुप्ता, साइंस ओलंपियाड फाउंडेशन में उपलब्धि हासिल करने वाली आरणवी पांडे तथा खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली सिमरन भगत (नेटबॉल) और शौर्य वर्धन सिंह (ताइक्वांडो) को भी सम्मानित किया गया।
समारोह में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत आकर्षक परेड, सांस्कृतिक नृत्य एवं संगीत प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों और विद्यार्थियों का मन मोह लिया। अपने संबोधन में महापौर श्रीमती मंजूषा भगत, आदित्येश्वर शरण सिंह देव एवं श्रीमती कविता ठाकुर ने नव-निर्वाचित छात्र परिषद को शुभकामनाएं देते हुए नेतृत्व, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का संदेश दिया। वहीं विद्यालय के निदेशक श्री के.पी. दीक्षित एवं श्री दीपेश गुप्ता ने विद्यार्थियों को नैतिक मूल्यों, अनुशासन तथा लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया। अंत में विद्यालय प्रबंधन ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं सहयोगी स्टाफ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी के सामूहिक सहयोग की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *