Sarguja express…..
अंबिकापुर। शहर के अंतरराज्यीय प्रतीक्षा बस स्टैंड की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की दिशा में नगर पालिक निगम ने पहल तेज कर दी है। महापौर श्रीमती मंजूषा भगत एवं निगम सभापति हरमिंदर सिंह ‘टिन्नी’ ने बस स्टैंड का निरीक्षण कर व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों और निगम अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। निरीक्षण के दौरान बस स्टैंड परिसर में साफ-सफाई, अतिक्रमण हटाने, पेयजल व्यवस्था और यात्रियों की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने कहा कि अंतरराज्यीय बस स्टैंड शहर का प्रमुख प्रवेश द्वार है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री पहुंचते हैं। ऐसे में यहां स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने निगम स्वामित्व की दुकानों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाने तथा दुकानदारों को अपने सामान निर्धारित सीमा के भीतर रखने के निर्देश दिए, ताकि यात्रियों की आवाजाही में किसी प्रकार की बाधा न हो।
महापौर एवं सभापति ने बस स्टैंड परिसर के यूरिनल, सार्वजनिक शौचालय, नालियों और पूरे परिसर की नियमित एवं प्रभावी सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। साथ ही वाटर कूलर, वाटर एटीएम तथा पेयजल आपूर्ति की समुचित व्यवस्था करने पर भी जोर दिया गया, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान वेटिंग हॉल के नवीनीकरण, भवन और परिसर की मरम्मत, शेड के नीचे किए गए अवैध अतिक्रमण को तत्काल हटाने तथा रैन बसेरा को अधिक व्यवस्थित एवं सुविधायुक्त बनाने पर भी विस्तार से चर्चा हुई। जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों और अधिकारियों ने सुझाव दिए कि बस स्टैंड को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाए, जिससे बाहर से आने वाले यात्रियों को बेहतर अनुभव मिल सके।
महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवश्यक कार्यों की कार्ययोजना बनाकर समय-सीमा के भीतर उन्हें पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि शहर की छवि को बेहतर बनाने और यात्रियों की सुविधा के लिए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान सभापति हरमिंदर सिंह ‘टिन्नी’, एमआईसी सदस्य मनीष सिंह, वरिष्ठ पार्षद आलोक दुबे, एमआईसी सदस्य जितेंद्र सोनी, श्रीमती श्वेता गुप्ता, सुशांत घोष, पार्षद शैलेश कुमार सिंह, दीपक यादव, अनिल तिवारी, आकाश गुप्ता, सिंधु सोनी सहित नगर पालिक निगम अंबिकापुर के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

