Sarguja express….
अंबिकापुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) द्वारा शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, अंबिकापुर में अध्ययनरत छात्रों की विभिन्न समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर महाविद्यालय प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में कॉलेज परिसर एवं छात्रावास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। अभाविप ने पुस्तकालय में आवश्यक पुस्तकों की कमी, परिसर में वाटर फिल्टर की अनुपलब्धता, कंप्यूटर लैब में इंटरनेट सुविधा के अभाव, खेल सामग्री की कमी तथा परीक्षा हॉल में पर्याप्त पंखों की व्यवस्था न होने जैसी समस्याओं की ओर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया।
इसके साथ ही छात्रावास में साफ-सफाई की बदहाल स्थिति, क्षतिग्रस्त बाथरूम एवं शौचालय, पीने के स्वच्छ पानी की समस्या तथा छात्रों के साथ दुर्व्यवहार की शिकायतों को भी ज्ञापन में शामिल किया गया।
अभाविप ने मांग की है कि छात्रों की इन समस्याओं का निराकरण 15 दिनों के भीतर किया जाए। परिषद ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समयावधि में समस्याओं का समाधान नहीं किया जाता है तो छात्र हित में व्यापक आंदोलन किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी महाविद्यालय प्रशासन की होगी।
जिला संयोजक रोनी मिश्रा ने कहा कि शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में लंबे समय से छात्र विभिन्न मूलभूत समस्याओं से जूझ रहे हैं। पुस्तकालय, स्वच्छ पेयजल, इंटरनेट सुविधा, खेल सामग्री एवं छात्रावास की व्यवस्थाओं में सुधार की आवश्यकता है। अभाविप सदैव छात्र हितों के लिए संघर्षरत रही है और आगे भी छात्रों की समस्याओं के समाधान हेतु प्रतिबद्ध रहेगी। उन्होंने महाविद्यालय प्रशासन से मांग की कि सभी समस्याओं का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए, अन्यथा अभाविप छात्रों के हित में चरणबद्ध आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
इस अवसर पर विभाग संयोजक पलाश पाण्डेय, विभाग छात्रा प्रमुख सृष्टि सिंह, कैंपस अध्यक्ष रितेश गुप्ता सहित अभाविप के कार्यकर्ता एवं छात्र उपस्थित रहे।

