20 June 2026
मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में बड़ी सफलता…. पहली बार हुई जटिल बेडसोर की फ्लैप सर्जरी…. राजधानी में लाखों खर्च होने वाला ऑपरेशन अब सरगुजा में संभव
ख़बर जरा हटके देश पहल बड़ी खबर राज्य सफलता स्वास्थ

मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में बड़ी सफलता…. पहली बार हुई जटिल बेडसोर की फ्लैप सर्जरी…. राजधानी में लाखों खर्च होने वाला ऑपरेशन अब सरगुजा में संभव

Sarguja express…..

अंबिकापुर। मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में लगातार जटिल और बड़े ऑपरेशन सफलतापूर्वक किए जा रहे हैं, जिससे अब सरगुजा संभाग के मरीजों को राजधानी और बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ रहा है। अस्पताल में उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं और विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम के कारण ऐसे कई ऑपरेशन यहां संभव हो रहे हैं, जिनके लिए पहले मरीजों को लाखों रुपये खर्च कर बाहर जाना पड़ता था।

इसी कड़ी में अस्पताल के चिकित्सकों ने एक और बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक जटिल बेडसोर (प्रेशर अल्सर) की फ्लैप सर्जरी सफलतापूर्वक की है। यह सर्जरी सामान्यतः बड़े और उच्च स्तरीय चिकित्सा केंद्रों में प्लास्टिक सर्जनों द्वारा की जाती है।

जानकारी के अनुसार, मरीज शोभनाथ (35 वर्ष) निवासी भैयाथान, जिला सूरजपुर को पिछले छह माह से पीठ पर बड़े बेडसोर की गंभीर समस्या थी। मरीज पैराप्लेजिया से पीड़ित होने के कारण लंबे समय से बिस्तर पर था। लगातार ड्रेसिंग कराने की प्रक्रिया मरीज और उसके परिजनों के लिए बेहद कष्टदायक और चुनौतीपूर्ण हो गई थी।

मेडिकल कॉलेज अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. आर्या के मार्गदर्शन और सलाह के बाद बेडसोर के स्थायी इलाज के लिए फ्लैप सर्जरी करने का निर्णय लिया गया। चिकित्सकों ने 13 जून को इस जटिल ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।

डॉक्टरों के अनुसार, बेडसोर अल्सर का आकार काफी बड़ा था, जिससे सर्जरी बेहद चुनौतीपूर्ण थी। इसके बावजूद फ्लैप रिकंस्ट्रक्शन उत्कृष्ट ढंग से सफलतापूर्वक संपन्न किया गया।

वर्तमान में मरीज की हालत संतोषजनक बताई जा रही है और बेहतर निगरानी तथा देखभाल के लिए उसे सर्जिकल आईसीयू में रखा गया है।

इस सफल ऑपरेशन में सर्जरी टीम के तहत डॉ. मनोज भारती (सहायक प्राध्यापक), डॉ. आनंद साहू (सीनियर रेजिडेंट) और डॉ. अप्पू (स्नातकोत्तर छात्र) की भूमिका महत्वपूर्ण रही। वहीं एनेस्थीसिया टीम में डॉ. रूपक कुमार और डॉ. शिवम शर्मा ने अपनी सेवाएं दीं। स्टाफ नर्स जसिंता ने भी ऑपरेशन और देखभाल में अहम योगदान दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *