Sarguja express…..( विनय पांडेय )
सूरजपुर। सूरजपुर जिले के विश्रामपुर और जयनगर थाना क्षेत्र में शिक्षिका रजनी बरेठ और उनके नाबालिग बेटे सुजल बरेठ की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने डबल मर्डर के आरोपी प्रवेश कुमार उर्फ परवेश कुमार (36) को गिरफ्तार किया है। आरोपी को पता था कि रजनी बरेठ 19 लाख रुपये का लोन लेने वाली हैं। खुद पर करीब 20 लाख रुपये का कर्ज होने और पैसों की जरूरत के चलते उसने रजनी से रुपये मांगे, लेकिन इनकार करने पर उनकी हत्या कर दी। वहीं, घटना की जानकारी किसी को न हो, इस आशंका में उसने सुजल को भी मौत के घाट उतार दिया।
सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग पुलिस के अनुसार, 10 अक्टूबर को ग्राम महाबीरपुर के कोरयाबारी नर्सरी जंगल के पास सड़क किनारे नाली में एक युवक का शव मिला था। मृतक की पहचान सुजल बरेठ के रूप में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने पर जयनगर थाने में अपराध दर्ज किया गया। इसके बाद 11 अक्टूबर की रात विश्रामपुर की ममता कॉलोनी स्थित किराये के मकान में शिक्षिका रजनी बरेठ का शव बाथरूम में मिला। उनकी गला दबाकर हत्या की गई थी। दोनों मामलों में पुलिस ने अलग-अलग अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल की निगरानी में संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर मृतका के घर के आसपास काली टी-शर्ट और सफेद गमछा पहने एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। कार वॉशिंग सेंटर के फुटेज से संदिग्ध की कार का नंबर सीजी 15 ईजी 7101 सामने आया। वाहन मालिक की तलाश के बाद पुलिस ने प्रवेश कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने दोनों हत्याएं करना स्वीकार किया।
पहले शिक्षिका, फिर बेटे की हत्या पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी और रजनी बरेठ एक ही स्कूल में शिक्षिका थीं। इसी परिचय के कारण उसका रजनी के घर आना-जाना था। आरोपी ने मोटर पार्ट्स व्यवसाय के लिए करीब 20 लाख रुपये का लोन लिया था। उसे जानकारी थी कि रजनी भी 19 लाख रुपये का लोन लेने वाली हैं।
पुलिस के मुताबिक, 9 अक्टूबर को आरोपी कार वॉशिंग सेंटर में वाहन धुलवाने के बाद पैदल रजनी के घर पहुंचा। शाम को सुजल ट्यूशन के लिए चला गया तो आरोपी ने रजनी से पैसों की मांग की। उनके इनकार करने पर विवाद हुआ। आरोपी ने स्टील की पानी की बोतल से उनके सिर पर वार किया और बाथरूम में ले जाकर पैर से गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद वह घर से निकल गया।
घूमने के बहाने कार से ले गया सुजल को आरोपी को आशंका थी कि सुजल को घटना की जानकारी होने के कारण वह किसी को बता सकता है। इसलिए उसने उसकी हत्या की योजना बनाई। रात में सुजल के घर लौटने पर आरोपी ने उसकी मां के अपने घर पर होने की बात कही और उसे कार में बैठाकर ले गया। इसके बाद वह सुजल को घुमाने के बहाने कुम्दा होते हुए अंबिकापुर की ओर ले गया।
पुलिस के अनुसार, राई जंगल में आरोपी ने बाथरूम जाने के बहाने कार रुकवाई और सुजल का गला स्टोल से कस दिया। सुजल के भागने की कोशिश करने पर आरोपी ने सीमेंट के खंभे के टुकड़े से उसके सिर और सीने पर वार कर हत्या कर दी। बाद में शव को कार में रखकर ठिकाने लगाने के लिए कई स्थानों पर घूमता रहा और अंततः कोरयाबारी नर्सरी जंगल के पास फेंक दिया।
मोबाइल, दस्तावेज और हत्या में प्रयुक्त सामान जब्त पुलिस ने आरोपी के विश्रामपुर स्थित घर से सुजल के दो मोबाइल फोन बरामद किए। अंबिकापुर स्थित उसके ससुराल से रजनी का मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड, चेक, ड्राइविंग लाइसेंस, मतदाता पहचान पत्र, एटीएम कार्ड और सोने-चांदी के आभूषण भी जब्त किए गए।
आरोपी ने घटना के बाद कार को वॉशिंग सेंटर में धुलवाया था और कार की खून लगी मैट जला दी थी। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त ग्रैंड विटारा कार, सीमेंट के खंभे का टुकड़ा, स्टील की पानी की बोतल और राई जंगल से सुजल की एक चप्पल बरामद की है। आरोपी प्रवेश कुमार पिता गुरदित मल, उम्र 36 वर्ष, मूल निवासी कैथल रोड, करनाल, हरियाणा और वर्तमान निवासी चोपड़ा कॉलोनी, विश्रामपुर को गिरफ्तार कर लिया गया है।
इनकी रही अहम भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी विश्रामपुर विकास देशमुख, थाना प्रभारी जयनगर अमित गुप्ता, थाना प्रभारी झिलमिली सरफराज फिरदौसी, एसआई पीयूष चंद्राकर, पीएसआई पवन झा, कपिल, रंजना, एएसआई अरुण गुप्ता, राकेश यादव, चौकी प्रभारी करंजी विशाल मिश्रा सहित संबंधित थानों के पुलिसकर्मी और साइबर सेल अंबिकापुर की टीम सक्रिय रही।

